📰 अतुल कुमार जैन
खनियांधाना | विकासखंड में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से “स्कूल चले हम अभियान” के अंतर्गत 01 अप्रैल से 04 अप्रैल 2026 तक भव्य प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से न केवल नए विद्यार्थियों का नामांकन बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा, बल्कि अब तक विद्यालय से वंचित बच्चों को भी मुख्यधारा में लाने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है।
यह अभियान बीआरसीसी संजय भदोरिया एवं महिला बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी प्रियंका बुनकर के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। इसके तहत विकासखंड के सभी शासकीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हेतु व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है।
शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य, समितियों की अहम भूमिका
अभियान के दौरान शाला प्रबंधन समिति (SMC) एवं शाला प्रबंधन एवं विकास समिति (SMDC) की बैठकें आयोजित कर शत-प्रतिशत नामांकन और ड्रॉपआउट बच्चों की वापसी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं अभिभावकों की सहभागिता से घर-घर संपर्क कर बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
“भविष्य से भेंट” कार्यक्रम से मिलेगा मार्गदर्शन
04 अप्रैल को आयोजित होने वाले “भविष्य से भेंट कार्यक्रम” के अंतर्गत विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, करियर विकल्पों और उज्ज्वल भविष्य के प्रति प्रेरित किया जाएगा। इस पहल से विद्यार्थियों में लक्ष्य निर्धारण और आत्मविश्वास को बढ़ावा मिलेगा।
आंगनवाड़ी केंद्रों पर विद्यारंभ उत्सव की धूम
इसी क्रम में विकासखंड के आंगनवाड़ी केंद्रों पर “विद्यारंभ उत्सव” का आयोजन किया जा रहा है, जो बच्चों के जीवन का पहला शैक्षणिक कदम माना जाता है। इस कार्यक्रम के माध्यम से शाला पूर्व शिक्षा को मजबूत बनाने और बच्चों में प्रारंभिक शिक्षा के प्रति रुचि विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
नगर के वार्ड क्रमांक 14 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी प्रियंका बुनकर ने बच्चों को विद्यारंभ प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पर्यवेक्षक वर्षा जैन, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता स्वीटी पाण्डे, शाहीन फातिमा एवं रूबी जैन सहित सहायिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, गीत एवं कविताओं ने कार्यक्रम को उत्सव का रूप दे दिया।
संयुक्त बैठक में दिए गए दिशा-निर्देश
अभियान को सफल बनाने के लिए खनियाधाना बीआरसी कार्यालय में बीआरसीसी संजय भदोरिया एवं परियोजना अधिकारी प्रियंका बुनकर द्वारा सीएसी एवं बीएसी साथियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में नामांकन बढ़ाने, शाला पूर्व शिक्षा को सुदृढ़ करने और कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शिक्षा के प्रति बढ़ेगी जागरूकता, मजबूत होगी नींव
इस व्यापक अभियान से क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनेगा, अभिभावकों की भागीदारी बढ़ेगी और बच्चों के विद्यालय में प्रवेश के साथ उनकी शैक्षणिक निरंतरता को मजबूती मिलेगी। “स्कूल चले हम” अभियान निश्चित रूप से शिक्षा के अधिकार को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
ये ख़बर आपने पढ़ी देश के तेजी से बढ़ते लोकप्रिय हिंदी आज तेजी से बदलते परिवेश में जहां हर क्षेत्र का डिजिटलीकरण हो रहा है, ऐसे में
“दैनिक तेजस रिपोर्टर“
www.tejasreporter.com सटीक समाचार और तथ्यात्मक रिपोर्ट्स लेकर आधुनिक तकनीक से लैस अपने डिजिटल प्लेटफार्म पर प्रस्तुत है। अपने निडर, निष्पक्ष, सत्य और सटीक लेखनी के साथ…24X7
मैं पंकज जैन ✍️और मेरे सहयोगी अब आप तक देश विदेश की महत्वपूर्ण खबरों को पहुंचाने के लिए कटिबद्ध हैं।ऐसी ही ताज़ा और अहम ख़बरों के लिए जुड़े रहें!
सभी अपडेट्स व नोटिफिकेशन प्राप्ति के लिए नीचे दिए गए बेल आइकन पर क्लिक कर अभी सब्सक्राइब करें।
Author: Atul Kumar Jain
अतुल कुमार जैन निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मध्यप्रदेश के शिवपुरी क्षेत्र की जमीनी खबरों, स्थानीय मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर इनकी विशेष पकड़ है। क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी हलचल पर इनकी पैनी नजर रहती है। वर्तमान में तेजस रिपोर्टर के साथ जुड़कर शिवपुरी क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और निष्पक्ष एवं प्रभावी पत्रकारिता के माध्यम से अपनी सशक्त पहचान बना रहे हैं।






