✍️ रिपोर्ट – पंडित अशोक तिवारी
मंडीदीप (रायसेन) | सतलापुर के वार्ड क्रमांक-17 पिपरिया लोरका में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। करीब 2 बजे नदी का पुल पार करते समय बरखेड़ा पठानी (भोपाल) का रहने वाला 22 वर्षीय युवक छोटू मेहरा पुत्र प्रताप मेहरा अपनी बाइक सहित तेज बहाव में बह गया। हादसे के बाद गांव और इलाके में सनसनी फैल गई।

सूत्रों के मुताबिक, छोटू मेहरा अपने रिश्तेदार धर्मेंद्र मेहरा के घर मेहमानी पर आया था। रविवार को लौटते समय उसने गांव के पास स्थित नदी का पुल पार करने की जिद की। रिश्तेदार धर्मेंद्र ने उसे रोकने की कोशिश की और समझाया कि नदी में बहाव तेज है तथा पुल पर पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। इसके बावजूद युवक नहीं माना और पुल पार करने पर अड़ा रहा।

धर्मेंद्र ने अंततः छोटू को छोड़ने की हामी भरी और दोनों बाइक से पुल की ओर निकल पड़े। नदी पर बने पुल को पार करते समय अचानक तेज बहाव के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पहिया फिसल गया। धर्मेंद्र ने पूरी कोशिश की कि छोटू को बचा ले, लेकिन पानी के तेज दबाव के चलते वह भी बहने लगा ऐसे में उसकी पकड़ छूट गई और युवक बाइक सहित लहरों में समा गया।

धर्मेंद्र किसी तरह अपनी जान बचाकर किनारे पहुंचा और तुरंत गांव की चौपाल पर लोगों को घटना की जानकारी दी।
खबर फैलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी की ओर दौड़े और रेस्क्यू की कोशिश की। इसी दौरान हादसे की सूचना सतलापुर पुलिस थाने को भी दी गई। थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इसके बाद नगर पालिका और एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया। देर रात लगभग 8 बजे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

फिलहाल एनडीआरएफ की टीम भोजपुर में रुकी हुई है। सोमवार सुबह होते ही फिर से बड़े स्तर पर सर्चिंग ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।
इनका कहना…
“पिपरिया लोरका में पुल पार करते समय बरखेड़ा पठानी, भोपाल निवासी 22 वर्षीय छोटू मेहरा बाइक समेत नदी के तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। नगर पालिका और एनडीआरएफ की मदद से देर रात तक सर्चिंग हुई, लेकिन युवक नहीं मिला। सुबह फिर से रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाएगा।”विजय त्रिपाठी, थाना प्रभारी – सतलापुर









