रिपोर्ट-राकेश कुमार जैन
रायसेन जिले में अपराध नियंत्रण और यातायात नियमों के सख्त पालन को सुनिश्चित करने के लिए रायसेन पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत जिलेभर में संयुक्त वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें 43 दोपहिया वाहनों को बिना रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट के पाए जाने पर थाने में खड़ा किया गया। वहीं, 58 वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक श्री पंकज कुमार पाण्डेय ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे वाहनों की कड़ी जांच करें जो बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे हैं। निर्देश के अनुपालन में रायसेन जिले के समस्त थानों द्वारा यह चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी गई।

चेकिंग के दौरान पुलिस को कई वाहन ऐसे मिले जिनमें नंबर प्लेट पूरी तरह से गायब थी, जबकि कुछ वाहनों में नंबर प्लेट तो लगी थी लेकिन वह स्पष्ट रूप से पढ़ने योग्य नहीं थी। ऐसे सभी वाहनों को थाना परिसर में खड़ा कर दिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








