रिपोर्ट-अतुल जैन
शिवपुरी | गंभीर वित्तीय संकट का सामना कर रहे शिवपुरी जिला सहकारी बैंक की मदद के लिए अब केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बड़ी पहल की है। सिंधिया ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर बैंक को अतिशीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने की मांग की है। ताकि अमानतदारों को उनकी जमा राशि लौटाई जा सके एवं क्षेत्र के किसानों की लेनदेन प्रक्रिया शुरू हो सके। सिंधिया ने अपने पत्र के साथ शिवपुरी कलेक्टर के पत्र को संलग्न करते हुए इस संकट को हल करने के लिए बैंक की अंशपूंजी 142.31 करोड़, ब्याज माफी योजना के तहत शेष राशि 14.46 करोड़ एवं सामान्य बैंक लिमिट के लिए 70 करोड़ की सहायता राशि प्रदान करने की मांग उठाई है।








