सड़क पर चलने वाली महिलाओं के गले से मंंगलसूत्र लूटने वाले चचेरे भाईयों का गिरोह पकड़ा
खनियाधाना में बस स्टैंड से हुईं दोनों लूटों का माल बरामद, पांच लूटों को दे चुके हैं अंजाम
📰 अतुल कुमार जैन
शिवपुरी | पिछोर अनुभाग के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार महिलाओं के मंगलसूत्र लूट की घटनाएं सामने आ रही थीं। इसी क्रम में पिछले दिनों खनियाधाना बस स्टैंड पर महिला के साथ मंगलसूत्र लूट की वारदात सामने अाने के बाद पुलिस ने जब सक्रिय होकर लुटेरों तक पहुंचने का प्रयास किया, तो सीसीटीवी कैमरों में फुटेज की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस आरोपितों के जूते और कपड़ों की मदद से लुटेरों तक पहुंच गई। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से खनियाधाना बस स्टैंड से हुई दो लूटों का माल बरामद कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि 29 मार्च 2026 को पौठियाई मोहल्ला निवासी प्रवेश जाटव जब माता के जवारे विसर्जित करने के लिए अपनी सास व पड़ौसन के साथ जा रही थी, तभी अज्ञात बाइक सवार लुटेरों ने उसका मंगलसूत्र लूट लिया था। पुलिस ने शिकायत के बाद सक्रिय होते हुए सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू किया तो पुलिस को प्रारंभिक तौर पर ही कुछ सुराग हाथ लग गए थे। इसी के आधार पर पुलिस ने कई कैमरे खंगाले और संदिग्धों के फुटेज कलेक्ट किए। इसी तरह सीसीटीवी कैमरों की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस एक ऐसे सीसीटीवी कैमरे तक पहुंच गई जहां पर आरोपितों के चेहरे खुले हुए थे। पुलिस ने इसी आधार पर पड़ताल शुरू की और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी क्रम में खनियाधाना टीआई केदार सिंह यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि दो बदमाश हथियार लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस ने जब बताए गए स्थान पर जाकर देखा तो दो संदिग्ध युवक नजर आए। पुलिस ने घेराबंदी कर उक्त बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के पास से कट्टा बरामद कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों की पहचान कुम्हर्रा निवासी प्रवेन्द्र परिहार (19) और उसके चचेरे भाई विजेन्द्र परिहार (25) के रूप में हुई। पुलिस ने जब बदमाशों का मिलान सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से किया तो वह एक ही निकलीं। पुलिस ने इसके बाद आरोपितों से लूट की वारदातों के बारे में पूछताछ शुरू की। दोनों आरोपितों ने खनियाधाना में 29 मार्च को प्रवेश जाटव के साथ की गई लूट के साथ-साथ 28 नवंबर 2025 को ही खनियाधाना बस स्टैंड से ही ग्राम बनोटा निवासी अचला लोधी का मंगलसूत्र लूटने की घटना भी स्वीकार कर ली। पुलिस ने दोनों लूट का माल आरोपितों से बरामद कर लिया है। इसके अलावा आरोपितों ने 27 फरवरी को ग्राम गोरा निवासी रीना पत्नी आशाराम यादव के जेवर, भौंती थानांतर्गत बस स्टैंड से ललिता प्रजापति का मंगलसूत्र लूटने सहित कुछ अन्य लूटों की वारदात स्वीकार की है।
दोस्तों की बाइक मांग कर देते थे वारदात को अंजाम
दोनों चचेरे भाई प्रवेंद्र व विजेंद्र इतने शातिर हैं कि अपनी पहचान छिपाने के लिए वह हर बार लूट की वारदात को अंजाम देते समय अपनी बाइक बदल देत थे। इसके लिए वह अपने दोस्तों, रिश्तेदारों व मिलने वालों की बाइक किसी न किसी बहाने से मांगकर लाते थे। इसके बाद वारदात को अंजाम देने के उपरांत उनकी बाइक वापस कर देते थे। पुलिस ने फिलहाल आरोपितों के पास से दो बाइक बरामद कर ली हैं, जो उनके द्वारा भौंती व खनियाधाना की लूट में उपयोग की गई थीं।
इनका कहना है
लगातार लूटों की वारदातों के बाद हम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रहे थे। इसी क्रम में पुलिस को यह सफलता मिली है। हमने खनियाधाना लूट का माल बरामद कर लिया है, अन्य थानों की पुलिस बदमाशों का पीआर लेकर लूट के माल की बरामदगी करेगी।
प्रशांत शर्मा,एसडीओपी पिछोर
ये ख़बर आपने पढ़ी देश के तेजी से बढ़ते लोकप्रिय हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म
www.tejasreporter.com पर
आज तेजी से बदलते परिवेश में जहां हर क्षेत्र का डिजिटलीकरण हो रहा है, ऐसे में
“दैनिक तेजस रिपोर्टर”
www.tejasreporter.com सटीक समाचार और तथ्यात्मक रिपोर्ट्स लेकर आधुनिक तकनीक से लैस अपने डिजिटल प्लेटफार्म पर प्रस्तुत है। अपने निडर, निष्पक्ष, सत्य और सटीक लेखनी के साथ…
मैं पंकज जैन
और मेरे सहयोगी अब
24X7 आप तक देश विदेश की महत्वपूर्ण खबरों को पहुंचाने के लिए कटिबद्ध हैं।
ऐसी ही ताज़ा और अहम ख़बरों के लिए जुड़े रहें! सभी अपडेट्स व नोटिफिकेशन प्राप्ति के लिए नीचे दिए गए बेल आइकन पर क्लिक कर अभी सब्सक्राइब करें।
Author: Atul Kumar Jain
अतुल कुमार जैन निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मध्यप्रदेश के शिवपुरी क्षेत्र की जमीनी खबरों, स्थानीय मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर इनकी विशेष पकड़ है। क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी हलचल पर इनकी पैनी नजर रहती है। वर्तमान में तेजस रिपोर्टर के साथ जुड़कर शिवपुरी क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और निष्पक्ष एवं प्रभावी पत्रकारिता के माध्यम से अपनी सशक्त पहचान बना रहे हैं।






