खाकी का असली हीरो! मौत के मुंह में उतरकर TI विजय त्रिपाठी ने बचाईं कई जिंदगियां, जानिए सतलापुर थाना प्रभारी की बहादुरी की कहानी

SHARE:

📰 पंकज जैन “प्रखर”
मंडीदीप | कुछ लोग वर्दी पहनते हैं, लेकिन कुछ लोग खाकी को जीते हैं। “खाकी का गौरव” कॉलम में आज हम आपको ऐसे ही एक जांबाज पुलिस अधिकारी की कहानी से रूबरू करा रहे हैं — सतलापुर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी की, जिन्होंने अपने साहस, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा से यह साबित कर दिया कि जब खाकी अपने असली फर्ज पर उतर आए, तो वह मौत के मुंह से भी जिंदगी छीन लाती है।

“सामने लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे थे… उस वक्त दिमाग में सिर्फ एक ही बात थी — किसी भी कीमत पर इन्हें बचाना है।”

यह केवल एक बयान नहीं, बल्कि थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी के व्यक्तित्व और उनकी कार्यशैली का वास्तविक परिचय है।

उनके लिए खाकी सिर्फ एक वर्दी नहीं, बल्कि मानवता और कर्तव्य का सबसे बड़ा दायित्व है — जहां अपनी जान से पहले लोगों की जिंदगी को महत्व दिया जाता है।

सेना की ट्रेनिंग से खाकी तक का सफर

विजय त्रिपाठी का जीवन अनुशासन, साहस और सेवा भाव से भरा रहा है। पुलिस सेवा में आने से पहले वे सेना में रह चुके हैं। सेना में मिली ट्रेनिंग और कठिन परिस्थितियों में तुरंत निर्णय लेने की क्षमता ने उन्हें एक मजबूत और निडर अधिकारी बनाया। यही वजह है कि जब भी कोई चुनौती सामने आई, उन्होंने कभी पीछे हटना नहीं सीखा।

मौत के मुंह से खींच लाए तीन जिंदगियां

मंडीदीप-औबेदुल्लागंज मार्ग पर सोमवार रात हुआ वह भीषण हादसा आज भी लोगों के जेहन में ताजा है। कटियार ट्रेवल्स की एक यात्री बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए और अनियंत्रित बस सतलापुर थाने के सामने घाटी वाले इलाके में लोगों को कुचलती चली गई। पहले एक साइकिल सवार इसकी चपेट में आया, फिर बस ने एक बाइक को टक्कर मार दी। देखते ही देखते तीन युवक बस और डिवाइडर के बीच बुरी तरह फंस गए।

मौके पर चीख-पुकार मच चुकी थी। हर सेकंड बेहद कीमती था। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। सामान्य प्रयासों से जब घायलों को निकालना संभव नहीं हुआ, तो क्रेन मंगवाई गई। लेकिन रेस्क्यू के दौरान अचानक बस का बंपर टूट गया और बस नीचे गिरने लगी। यह पल बेहद खतरनाक था, क्योंकि कुछ सेकंड की देरी थाना प्रभारी की जान पर भारी पड़ सकती थी।
लेकिन विजय त्रिपाठी रुके नहीं।
उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना खुद बस के नीचे घुसकर घायलों को बाहर निकालना शुरू किया। आसपास खड़े लोग सांस रोके यह दृश्य देख रहे थे, क्योंकि बस कभी भी पूरी तरह गिर सकती थी। लेकिन अदम्य साहस और त्वरित निर्णय लेते हुए उन्होंने एक-एक कर घायलों को बाहर निकाला और खुद भी बस गिरने से पहले सुरक्षित बाहर आ गए।
हालांकि इस हादसे में विनोद बैरागी नामक युवक की जान नहीं बचाई जा सकी, लेकिन थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी और उनकी टीम की बहादुरी से अन्य घायलों की जिंदगी बच गई। यदि कुछ मिनट की भी देरी होती, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।

‘ऑपरेशन मुखौटा’ | राजधानी में ‘रिलैक्सेशन’ की आड़ में देह व्यापार का जाल : स्टिंग ऑपरेशन में चौंकाने वाले खुलासे, थाना क्षेत्रों में खुलेआम चल रहा गोरखधंधा

एसडीओपी शीला सुराना ने की सराहना

एसडीओपी शीला सुराना ने भी थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी की इस बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उनके त्वरित निर्णय और साहसिक रेस्क्यू की वजह से लोगों की जिंदगी बचाई जा सकी। यह केवल पुलिस कार्रवाई नहीं, बल्कि मानवता और कर्तव्य का असली उदाहरण था।

साहस और सूझबूझ के लिए मिला DGCR सम्मान

विजय त्रिपाठी के पुलिस करियर में कई चुनौतीपूर्ण मामले आए, लेकिन बाड़ी में एक बच्चे के अपहरण का मामला उनके साहस, सूझबूझ और नेतृत्व क्षमता की बड़ी मिसाल बन गया।
एक मासूम बच्चे के अचानक लापता होने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। परिवार सदमे में था और पुलिस पर बच्चे को सुरक्षित वापस लाने का भारी दबाव था। ऐसे समय में एसडीओपी शीला सुराना के नेतृत्व में विजय त्रिपाठी ने बेहद संयम और रणनीति के साथ पुलिस टीम के साथ लगातार काम किया। आखिरकार अपहरणकर्ताओं तक पहुंच बनाई गई और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया, साथ ही आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

इस साहसिक कार्रवाई के लिए विजय त्रिपाठी को पुलिस विभाग द्वारा DGCR (Director General Commendation Roll) अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया जाता है, जिन्होंने सामान्य ड्यूटी से आगे बढ़कर असाधारण साहस और कार्यकुशलता का परिचय दिया हो।
                                             Advertisement

खाकी का असली अर्थ

विजय त्रिपाठी केवल एक पुलिस अधिकारी नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, सादगी और मानवता की जीवंत मिसाल हैं। अपने सरल और सहज स्वभाव के कारण पुलिस महकमे में लोग उन्हें प्यार से “भोले बाबा” कहकर पुकारते हैं। लेकिन उनकी यही सादगी जब खाकी पहनती है, तो अपराधियों के लिए सख्ती और आमजन के लिए भरोसे का सबसे मजबूत चेहरा बन जाती है।

जहां भी उनकी तैनाती रहती है, वहां वे सिर्फ एक अधिकारी बनकर नहीं रहते, बल्कि अपने अधीनस्थों से लेकर आम जनता तक, हर किसी के दिलों में अपनी अलग जगह बना लेते हैं। उनकी कार्यशैली यह साबित करती है कि खाकी का मतलब सिर्फ कानून व्यवस्था संभालना नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सांसों की हिफाजत करना भी है।

निश्चित रूप से विजय त्रिपाठी का साहस, समर्पण और नेतृत्व उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है, जो समाज के लिए कुछ सार्थक करना चाहते हैं। उन्होंने अपने कार्यों से न केवल पुलिस महकमे का मान बढ़ाया है, बल्कि यह भी साबित किया है कि सच्ची सफलता केवल पद और पहचान में नहीं, बल्कि मानवता की सेवा में छिपी होती है।
ऐसे ही अधिकारियों की कहानियां यह साबित करती हैं कि खाकी केवल कानून का प्रतीक नहीं, बल्कि साहस, सेवा और संवेदनशीलता का सशक्त संगम है।
                                              Advertisement
इसीलिए, अपने अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मानवता के लिए थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी वास्तव में “खाकी का गौरव” हैं।
तेजस रिपोर्टर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए यह विश्वास व्यक्त करता है कि अपनी कर्तव्यनिष्ठा, साहस और उत्कृष्ट कार्यशैली के दम पर वे आने वाले समय में और बड़ी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे तथा पदोन्नति के साथ समाज सेवा और जनविश्वास की नई मिसाल कायम करते रहेंगे।

खाकी की शेरनी! कौन हैं लेडी सिंघम SDOP शीला सुराना, एक तेज-तर्रार पुलिस ऑफिसर की प्रेरणादायी कहानी


खाकी का सम्मान, देश का अभिमान
👉🏻 पढ़ते रहिए “खाकी का गौरव” –
तेजस रिपोर्टर के इस विशेष कॉलम में, जहां खाकी वर्दी के उन जांबाज़ अधिकारियों और कर्मियों की प्रेरणादायक कहानियां सामने लाई जाती हैं, जिन्होंने अपने साहस, सेवा और समर्पण से समाज में सुरक्षा और विश्वास की मिसाल कायम की है।
यहां हम आपको रूबरू कराएंगे उन असली नायकों से, जो दिन-रात अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए हर चुनौती का डटकर सामना करते हैं और खाकी का मान बढ़ाते हैं।
तो जुड़े रहिए “खाकी का गौरव” के साथ – जहां हर कहानी में होता है साहस का जज़्बा, कर्तव्य का सम्मान और प्रेरणा की नई उड़ान।
यदि आपके आसपास भी कोई ऐसा अधिकारी या कर्मी है, जिसकी कहानी लोगों तक पहुंचनी चाहिए, तो हमें जरूर बताएं।
📩 संपर्क करें : tejasreporter.digital@gmail.com
📱 व्हाट्सएप : 6262013334
PANKAJ JAIN
Author: PANKAJ JAIN

पत्रकारिता में 2009 से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। "दैनिक अग्निबाण" में लंबी पारी के बाद "SCN NEWS" सहित कई संस्थानों में न्यूज़ डेस्क का नेतृत्व किया। वर्तमान में सा. "क्राइम अगेंस्ट न्यूज", दैनिक "तेजस रिपोर्टर" और कई डिजिटल प्लेटफार्म के संपादकीय प्रमुख हैं। सामाजिक सरोकारों, विशेषकर हाशिए पर खड़े वर्ग और अन्याय के मुद्दों पर लेखन में विशेष रुचि रखते हैं। इसके साथ ही "जिनोदय" और "पंकज का पंच" जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के निदेशक हैं, जो जनचेतना और वैचारिक संवाद को बढ़ावा देने का माध्यम हैं।

Join us on:

सबसे ज्यादा पड़ गई