रिपोर्ट : सूरज मेहरा
भोपाल | अखिल भारत वर्षीय हैहय कलचुरी महासभा की वार्षिक आमसभा रविवार को भोपाल में गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न हुई। राजधानी के जे.के. हॉस्पिटल स्थित एल.टी. हॉल में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेशभर से आए समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, महासचिव, महिला प्रतिनिधि, युवा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। कार्यक्रम सामाजिक एकता, संगठनात्मक मजबूती और नई पीढ़ी को समाज से जोड़ने के संकल्प के साथ आयोजित किया गया।

समाज के मिडिया प्रभारी विनोद मालवीय ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अनुपम चौकसे, राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट एम.एल. राय, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एल.एन. मालवीय, राष्ट्रीय सचिव एवं मीडिया प्रभारी हरिराम राय, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौकसे, प्रदेश महिला अध्यक्ष कमलेश राय और प्रदेश महासचिव वीरेंद्र पप्पू राय सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान भजन गायिका नीलम जायसवाल और वैष्णवी राय ने भक्तिमय प्रस्तुतियों से माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। सामाजिक सम्मेलन में उपस्थित लोगों ने इसे केवल एक औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि समाज को नई दिशा देने वाला संवाद बताया।
बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के सुझाव रखे। सामाजिक समरसता, युवाओं की भागीदारी, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, आगामी योजनाओं और समाजहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय में समाज को केवल परंपराओं तक सीमित न रहकर शिक्षा, तकनीक और नेतृत्व निर्माण की दिशा में भी आगे बढ़ना होगा।
अपने संबोधन में अनुपम चौकसे ने समाजहित और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक ताकत उसकी शिक्षित युवा पीढ़ी होती है। वहीं एडवोकेट एम.एल. राय ने महेश्वर में निर्माणाधीन राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु धाम की प्रगति से समाजजनों को अवगत कराया और इसके निर्माण में सहयोग की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि महासभा की स्थापना वर्ष 1935 में हुई थी और आज भी संगठन सामाजिक मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर सक्रिय है।
राष्ट्रीय सचिव एवं मीडिया प्रभारी हरिराम राय ने जिला स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने की सलाह दी। वहीं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बनवारीलाल चौकसे ने संगठनात्मक अनुशासन और सामूहिक नेतृत्व की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मालती राय, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गुंजन चौकसे और अश्वनी राय को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। महापौर मालती राय ने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों की सहायता और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस दौरान समाज की प्रतिभाशाली छात्रा खुशी राय को भी सम्मानित किया गया। 12वीं बोर्ड परीक्षा में मध्य प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उन्हें ₹21 हजार की सम्मान राशि प्रदान की गई। इस उपलब्धि को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि बेटियों की शिक्षा ही भविष्य के सशक्त समाज की नींव है।
कार्यक्रम में अनेक समाजसेवियों और पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। मंच संचालन वीरेंद्र पप्पू राय ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौकसे द्वारा किया गया।
ये ख़बर आपने पढ़ी देश के तेजी से बढ़ते लोकप्रिय हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म www.tejasreporter.com पर
आज तेजी से बदलते परिवेश में जहां हर क्षेत्र का डिजिटलीकरण हो रहा है, ऐसे में
“दैनिक तेजस रिपोर्टर”
www.tejasreporter.com सटीक समाचार और तथ्यात्मक रिपोर्ट्स लेकर आधुनिक तकनीक से लैस अपने डिजिटल प्लेटफार्म पर प्रस्तुत है। अपने निडर, निष्पक्ष, सत्य और सटीक लेखनी के साथ…
मैं पंकज जैन और मेरे सहयोगी अब 24X7 आप तक देश विदेश की महत्वपूर्ण खबरों को पहुंचाने के लिए कटिबद्ध हैं।
ऐसी ही ताज़ा और अहम ख़बरों के लिए जुड़े रहें! सभी अपडेट्स व नोटिफिकेशन प्राप्ति के लिए नीचे दिए गए बेल आइकन पर क्लिक कर अभी सब्सक्राइब करें।
Author: Raju Atulkar
"पत्रकारिता सिर्फ पेशा नहीं, जिम्मेदारी भी है…" साल 2015 से कलम की स्याही से सच को उजागर करने की यात्रा जारी है। समसामयिक मुद्दों की बारीकियों को शब्दों में ढालते हुए समाज का आईना बनने की कोशिश। — राजू अतुलकर, तेजस रिपोर्टर डिजिटल







