📰 अतुल कुमार जैन
खनियांधाना। महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के संचालन में लापरवाही बरतने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिलेभर में आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण अभियान के तहत खनियांधाना क्षेत्र में व्यापक जांच की गई, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद 2 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गईं। वहीं 20 से अधिक कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को नोटिस जारी कर उनका मानदेय काटा गया है। कार्रवाई के बाद पूरे विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार जिला कार्यक्रम अधिकारी डी.एस. जादौन के मार्गदर्शन तथा एसडीएम पिछोर ममता शाक्य के निर्देशन में परियोजना अधिकारी प्रियंका बुनकर एवं सेक्टर पर्यवेक्षकों की टीम ने खनियांधाना क्षेत्र के विभिन्न
आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई केंद्र बंद मिले, जबकि कई स्थानों पर कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं अनुपस्थित पाई गईं। जांच में यह भी सामने आया कि कई केंद्रों पर बच्चों एवं महिलाओं को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर नहीं दिया जा रहा था।
नियमित नहीं खुल रहे थे केंद्र
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से संचालित नहीं किए जा रहे थे। कुछ केंद्रों में पोषण आहार वितरण व्यवस्था प्रभावित मिली, जबकि कई स्थानों पर गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड अधूरे पाए गए। अधिकारियों ने जब रिकॉर्ड जांचे तो कई जगह पोषण ट्रैकर एवं संपर्क एप पर जानकारी अपडेट नहीं मिली।
प्रशासनिक जांच में यह भी सामने आया कि कुपोषित बच्चों की मॉनिटरिंग और प्रबंधन में गंभीर लापरवाही बरती जा रही थी। शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक नहीं पहुंच रहा था, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए।
2 कार्यकर्ताओं की सेवा तत्काल समाप्त
कार्य में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर खनियांधाना वार्ड क्रमांक-9 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता स्नेहलता यादव एवं सिनावल कला की कार्यकर्ता गीता लोधी की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गईं। बताया गया कि दोनों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं तथा निरीक्षण के दौरान भी अनियमितताएं सामने आईं।

इसके अलावा दो अन्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवा समाप्ति के संबंध में एक माह का अंतिम अल्टीमेटम दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
20 से अधिक कार्यकर्ता-सहायिकाओं पर गिरी गाज
निरीक्षण के बाद गूडर की सुषमा जैन, अमुहाय की कमलेश चौहान, देवीपुरा की रक्षा शर्मा, धमधोली मजरा की वर्षा यादव एवं दीप्ती यादव, रिजौदा की केशकुंवर, ढोंगा की रामवती वंशकार, दुर्गापुर की किरण सोनी, मायापुर की राजकुमारी सेन, कंचनपुर की सुषमा जाटव, मुहारी की गुड्डी केवट, अमरपुर ललन की फूलवती, जेरा की ममता कोली एवं देवखो की बेबी राजा सहित 20 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
इन कर्मचारियों पर पोषण ट्रैकर एवं संपर्क एप का संचालन सही तरीके से नहीं करने, रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही, मुख्यालय पर निवास नहीं करने तथा केंद्र संचालन में अनियमितता के आरोप पाए गए। प्रशासन ने इनके 3 से 15 दिन तक के मानदेय को राजसात करने की कार्रवाई भी की है।
प्रशासन ने दिए सख्त संकेत
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने एवं योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी जिलेभर में औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद खनियांधाना क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
ये ख़बर आपने पढ़ी देश के तेजी से बढ़ते लोकप्रिय हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म www.tejasreporter.com पर
आज तेजी से बदलते परिवेश में जहां हर क्षेत्र का डिजिटलीकरण हो रहा है, ऐसे में
“दैनिक तेजस रिपोर्टर”
www.tejasreporter.com सटीक समाचार और तथ्यात्मक रिपोर्ट्स लेकर आधुनिक तकनीक से लैस अपने डिजिटल प्लेटफार्म पर प्रस्तुत है। अपने निडर, निष्पक्ष, सत्य और सटीक लेखनी के साथ…
मैं पंकज जैन और मेरे सहयोगी अब 24X7 आप तक देश विदेश की महत्वपूर्ण खबरों को पहुंचाने के लिए कटिबद्ध हैं।
ऐसी ही ताज़ा और अहम ख़बरों के लिए जुड़े रहें! सभी अपडेट्स व नोटिफिकेशन प्राप्ति के लिए नीचे दिए गए बेल आइकन पर क्लिक कर अभी सब्सक्राइब करें।
Author: Atul Kumar Jain
अतुल कुमार जैन निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मध्यप्रदेश के शिवपुरी क्षेत्र की जमीनी खबरों, स्थानीय मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर इनकी विशेष पकड़ है। क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी हलचल पर इनकी पैनी नजर रहती है। वर्तमान में तेजस रिपोर्टर के साथ जुड़कर शिवपुरी क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और निष्पक्ष एवं प्रभावी पत्रकारिता के माध्यम से अपनी सशक्त पहचान बना रहे हैं।






