बीच बाजार मौत बनकर दौड़ी बस: गुमठियों में घुसी, चीख-पुकार के बीच दो घायल, लाखों का नुकसान

SHARE:

अतुल जैन
शिवपुरी। जिले के कोलारस कस्बे में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सीधे बाजार में जा घुसी। बस ने सड़क किनारे लगी गुमठियों और सब्जी ठेलों को रौंद दिया। हादसे में दो लोग घायल हो गए, जबकि दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अशोकनगर-शिवपुरी मार्ग पर संचालित बालाजी बस सर्विस की बस 29 मार्च 2026 को अशोकनगर से शिवपुरी की ओर जा रही थी। दोपहर करीब 12:30 बजे जैसे ही बस कोलारस कस्बे के गुरुद्वारे के पास पहुंची, अचानक चालक का नियंत्रण बस पर से हट गया और बस सीधे सड़क किनारे लगी दुकानों में घुस गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस ने एक के बाद एक करीब 4-5 गुमठियों और सब्जी के ठेलों को जोरदार टक्कर मारी, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हादसे में राहुल पुत्र जालिम कुशवाह और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया, जो वहां सब्जी खरीद रहे थे। घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
दुकानदारों ने बताया कि बस इतनी तेजी से उनकी दुकानों की ओर आई कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। जैसे-तैसे जान बचाकर भागे, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस दुर्घटना में करीब 4 सब्जी ठेले और 5 गुमठियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। व्यापारियों ने लगभग 5 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।
ड्रायवर के बेहोश होते ही बेकाबू हुई बस
बस में सवार यात्रियों के अनुसार, घटना के समय बस चालक सुनील जोशी निवासी अशोकनगर अचानक बेहोश होकर स्टेयरिंग पर गिर पड़ा, जिससे बस अनियंत्रित हो गई। कुछ देर बाद जब उसे होश आया तो वह बस से कूदकर भागा, लेकिन करीब 100-200 फीट दौड़ने के बाद फिर से बेहोश होकर गिर गया।
सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को तत्काल संजीवनी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे शासकीय अस्पताल कोलारस रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
नियम सिर्फ कागजों में, सड़कों पर खतरा बरकरार
गौरतलब है कि जून 2025 में एक भीषण सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक अंकित गुप्ता की मौत के बाद प्रशासन ने कस्बे में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया था। नियम के अनुसार रात 9 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित किया गया था।
शुरुआत में इस नियम का पालन हुआ, लेकिन समय बीतने के साथ यह केवल कागजों तक सीमित रह गया। आज भी दिन-रात भारी वाहन बेधड़क कस्बे में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में बनी हुई है।
रविवार का यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही और नियमों की अनदेखी की पोल खोलता है। स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद प्रशासन से सख्त कार्रवाई और नियमों के कड़ाई से पालन की मांग की है।

ये ख़बर आपने पढ़ी देश के तेजी से बढ़ते लोकप्रिय हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म www.tejasreporter.com पर
आज तेजी से बदलते परिवेश में जहां हर क्षेत्र का डिजिटलीकरण हो रहा है, ऐसे में
दैनिक तेजस रिपोर्टर
www.tejasreporter.com सटीक समाचार और तथ्यात्मक रिपोर्ट्स लेकर आधुनिक तकनीक से लैस अपने डिजिटल प्लेटफार्म पर प्रस्तुत है। अपने निडर, निष्पक्ष, सत्य और सटीक लेखनी के साथ…
मैं पंकज जैन  और मेरे सहयोगी अब 24X7 आप तक देश विदेश की महत्वपूर्ण खबरों को पहुंचाने के लिए कटिबद्ध हैं।
ऐसी ही ताज़ा और अहम ख़बरों के लिए जुड़े रहें! सभी अपडेट्स व नोटिफिकेशन प्राप्ति के लिए नीचे दिए गए बेल आइकन पर क्लिक कर अभी सब्सक्राइब करें।
Atul Kumar Jain
Author: Atul Kumar Jain

अतुल कुमार जैन निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मध्यप्रदेश के शिवपुरी क्षेत्र की जमीनी खबरों, स्थानीय मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर इनकी विशेष पकड़ है। क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी हलचल पर इनकी पैनी नजर रहती है। वर्तमान में तेजस रिपोर्टर के साथ जुड़कर शिवपुरी क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और निष्पक्ष एवं प्रभावी पत्रकारिता के माध्यम से अपनी सशक्त पहचान बना रहे हैं।

Join us on: