रिपोर्ट:सूरज मेहरा/आजम लाला भोपाल एमपी | भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार लगातार शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पहुंचकर आम नागरिकों से सीधा संवाद कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को उन्होंने थाना मंगलवारा क्षेत्र के भारत टॉकीज चौराहा पर जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसंवाद के दौरान नागरिकों ने क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों, ट्रैफिक जाम, अवैध पार्किंग और साइबर ठगी जैसी कई गंभीर समस्याओं को पुलिस कमिश्नर के सामने रखा।

आम नागरिकों ने उठाए ये प्रमुख मुद्दे
-
छोटे बच्चों द्वारा नशा किए जाने की बढ़ती समस्या पर सख्त कार्रवाई की मांग।
-
भारत टॉकीज रोड पर नशेड़ी और असामाजिक तत्वों द्वारा लूटपाट की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग।
-
भारत टॉकीज-छावनी रोड पर अतिक्रमण के कारण रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम का मुद्दा।
-
ट्रैफिक चालान के दौरान पुलिस कर्मियों के व्यवहार में सुधार की मांग।
-
एक महिला ने बैंक खाते से 45 हजार रुपये की साइबर ठगी की शिकायत की, जिस पर सीपी ने तत्काल थाने में आवेदन देने के निर्देश देते हुए थाना प्रभारी को कार्रवाई के आदेश दिए।
-
भारत टॉकीज से मंगलवारा थाना तक लगातार लगने वाले जाम की समस्या।
-
दुकानों के सामने अवैध पार्किंग से बाधित यातायात।
-
सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड और कैपिटल होटल के पीछे खुलेआम शराबखोरी और असामाजिक गतिविधियों की शिकायत।
मौके पर दिए कार्रवाई के निर्देश
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने सभी शिकायतों और सुझावों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई और साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक किया।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध या अवैधानिक गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 पर दें। वहीं मादक पदार्थों और अवैध हथियारों से जुड़ी सूचना 7587648330 नंबर पर साझा करने की भी अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

अपराधियों में बढ़ रहा पुलिस का खौफ
भोपाल पुलिस लगातार अपराध, नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। पुलिस कमिश्नर का लगातार थाना क्षेत्रों में पहुंचकर जनता से सीधा संवाद करना न केवल पुलिस और आम लोगों के बीच भरोसा मजबूत कर रहा है, बल्कि अपराधियों के खिलाफ स्पष्ट संदेश भी दे रहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है। जनसंवाद के माध्यम से पुलिस अब समस्याओं के समाधान के साथ-साथ अपराध नियंत्रण की रणनीति को भी जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बना रही है।
Author: SURAJ MEHRA
साल 2022 से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत "सूरज मेहरा" आज भी निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मध्यप्रदेश की राजनीति, करंट अफेयर्स में विशेष रुचि है , साथ ही ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव है , यहाँ मध्यप्रदेश की हर छोटी बड़ी हलचल पर नज़र रहती है। तेजस रिपोर्टर में प्रबंध संपादक का पदभार संभाल रहे हैं।






