📰 अतुल कुमार जैन
पिछोर । कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट शिवपुरी अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा अनुविभागीय दंडाधिकारी राजस्व पिछोर ममता शाक्य के मार्गदर्शन में बुधवार 20 मई 2026 को राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने भौंती कस्बे में मुख्य मार्ग से बड़ा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान सड़क किनारे, डिवाइडर और सरकारी भूमि पर बने 100 से अधिक स्थाई व अस्थाई स्टॉल, दुकानें एवं अन्य निर्माण हिटैची मशीन से ध्वस्त कर दिए गए।
नोटिस के बाद भी नहीं माना था अतिक्रमणकारियों ने
ग्राम पंचायत भौंती द्वारा 7 मई 2026 को सड़क किनारे, डिवाइडर तथा सरकारी जमीन पर काबिज अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर 24 घंटे में स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। किंतु अतिक्रमणकारियों ने प्रशासन के नोटिस व चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया और कब्जा यथावत बनाए रखा। इसके बाद 20 मई बुधवार को सुबह प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की।
दलबल के साथ पहुंचा प्रशासन, मुनादी के बाद चली हिटैची
बुधवार सुबह एसडीएम ममता शाक्य, एसडीओपी पुलिस प्रशांत शर्मा, तहसीलदार एसएस गुर्जर, नायब तहसीलदार शुभम गर्ग, थाना प्रभारी घनश्याम सिंह सहित ग्राम पंचायत सचिव, आरआई, पटवारी एवं भारी पुलिस बल हिटैची मशीन लेकर भौंती पहुंचा। कार्रवाई से एक दिन पूर्व पंचायत सचिव द्वारा पूरे कस्बे में मुनादी कराकर अंतिम चेतावनी दी गई थी कि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन द्वारा बलपूर्वक हटाया जाएगा।
सुबह प्रशासन तथा मशीन को देखकर अतिक्रमणकारियों में हड़बड़ाहट फैल गई। कई लोगों ने अधिकारियों और पुलिस बल को देखकर अस्थाई अतिक्रमण स्वयं हटाना शुरू कर दिया। परंतु प्रशासन की सख्ती के चलते डिवाइडर पर रखे स्टॉल, सड़क किनारे, सब्जी मंडी और स्कूल रोड पर दुकानदारों द्वारा किए गए सभी कब्जों को हिटैची मशीन से पूरी तरह हटा दिया गया। बताया गया कि कार्रवाई में करीब 105 लोगों को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे।
40 फीट की सड़क हो गई थी 15 फीट, लगता था घंटों जाम
यह मार्ग भौंती कस्बे से होकर राजधानी भोपाल को जाता है। साथ ही पिछोर एवं खनियाधाना के लिए भी यह एकमात्र मुख्य सड़क है। इस मार्ग से प्रतिदिन एक सैकड़ा से अधिक यात्री बसों सहित बड़ी संख्या में अन्य वाहनों का आवागमन होता है। सड़क पर अवैध कब्जे होने के कारण 40 फीट चौड़ी सड़क सिमटकर मात्र 15 फीट रह गई थी। इसके कारण आए दिन घंटों लंबा जाम लगता था और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों में नाराजगी थी और कई बार जनप्रतिनिधियों व नागरिकों द्वारा शिकायतें भी की गई थीं।
डिवाइडर पर लगाई रेलिंग, एसडीएम ने दी सख्त चेतावनी
ग्राम पंचायत सचिव ने बताया कि अतिक्रमणकारी डिवाइडर पर पुनः कब्जा न कर लें, इसके लिए तत्काल व्यवस्था की गई है। अतिक्रमण हटाने के साथ ही डिवाइडर पर लोहे की रेलिंग लगाई जा रही है ताकि भविष्य में कोई डिवाइडर पर अतिक्रमण न कर सके। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों द्वारा डिवाइडर पर अतिक्रमण से आवागमन में हो रही परेशानी की कई बार शिकायत की गई थी।
एसडीएम ममता शाक्य ने कहा कि भौंती का अतिक्रमण पूरी तरह हटा दिया गया है। यदि कोई भी व्यक्ति पुनः अतिक्रमण करता पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा होने के बावजूद कहीं कोई विरोध नहीं हुआ और शांतिपूर्ण तरीके से अतिक्रमण मुक्त अभियान संपन्न हुआ।
ये ख़बर आपने पढ़ी देश के तेजी से बढ़ते लोकप्रिय हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म www.tejasreporter.com पर
आज तेजी से बदलते परिवेश में जहां हर क्षेत्र का डिजिटलीकरण हो रहा है, ऐसे में
“दैनिक तेजस रिपोर्टर”
www.tejasreporter.com सटीक समाचार और तथ्यात्मक रिपोर्ट्स लेकर आधुनिक तकनीक से लैस अपने डिजिटल प्लेटफार्म पर प्रस्तुत है। अपने निडर, निष्पक्ष, सत्य और सटीक लेखनी के साथ…
मैं पंकज जैन और मेरे सहयोगी अब 24X7 आप तक देश विदेश की महत्वपूर्ण खबरों को पहुंचाने के लिए कटिबद्ध हैं।
ऐसी ही ताज़ा और अहम ख़बरों के लिए जुड़े रहें! सभी अपडेट्स व नोटिफिकेशन प्राप्ति के लिए नीचे दिए गए बेल आइकन पर क्लिक कर अभी सब्सक्राइब करें।
Author: Atul Kumar Jain
अतुल कुमार जैन निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मध्यप्रदेश के शिवपुरी क्षेत्र की जमीनी खबरों, स्थानीय मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर इनकी विशेष पकड़ है। क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी हलचल पर इनकी पैनी नजर रहती है। वर्तमान में तेजस रिपोर्टर के साथ जुड़कर शिवपुरी क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और निष्पक्ष एवं प्रभावी पत्रकारिता के माध्यम से अपनी सशक्त पहचान बना रहे हैं।






