लगातार प्रताड़ना से टूट गई महिला, ज़हर सेवन कर मौत से जूझ रही मंडीदीप में सूदखोरी के भयावह सच का पर्दाफाश

SHARE:

रिपोर्ट – राजू अतुलकर
मंडीदीप | नगर में लंबे समय से फल-फूल रहे सूदखोरी के अवैध नेटवर्क ने एक बार फिर इंसानी ज़िंदगी को अपनी क्रूरता का शिकार बना लिया। सूदखोरों की निरंतर धमकियों, मानसिक यातना और दबाव से बुरी तरह टूट चुकी 30 वर्षीय महिला अश्विनी ने बुधवार शाम ज़हर का सेवन कर लिया। यह दिल दहला देने वाली घटना नगर पालिका मंडीदीप के वार्ड क्रमांक 23 की है। गंभीर अवस्था में अश्विनी को भोपाल स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार उपचार में जुटी है।
परिजनों के मुताबिक, जहर सेवन के तुरंत बाद अश्विनी को स्थानीय शासकीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल भोपाल रेफर करना पड़ा। परिवार के सदस्य सदमे में हैं और अस्पताल परिसर में दहशत व चिंता का माहौल बना हुआ है।
घर आकर दी जा रही थीं जान से मारने की धमकियां
परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों ने पूरे मामले को और भी गंभीर बना दिया है। परिजनों का कहना है कि सतलापुर जोड़ पर चाय की दुकान संचालित करने वाला पप्पू साहू और उसकी पत्नी बीते दो दिनों से लगातार उनके घर पहुंचकर अश्विनी को धमका रहे थे। पीड़िता ने परिजनों को बताया कि बुधवार को जब उसके पति पंकज ड्यूटी पर गए हुए थे, तभी दोनों घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। इस भय और अपमान से घबराकर अश्विनी ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
कर्ज चुका फिर भी नहीं मिली राहत
पीड़िता के पति पंकज ने पुलिस को बताया कि कोविड महामारी से पहले उन्होंने पारिवारिक जरूरतों के चलते पप्पू साहू से कुछ रकम उधार ली थी। समय-समय पर किस्तों में अधिकांश राशि चुका दी गई थी, इसके बावजूद सूदखोर 50 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा था। यही नहीं, उसने घर से जुड़े अहम दस्तावेज भी अपने पास रखे हुए थे, जिनके सहारे वह परिवार पर लगातार दबाव और ब्लैकमेलिंग कर रहा था।
पुलिस सक्रिय, आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही मंडीदीप थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पप्पू साहू को थाने बुलाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस की एक टीम भोपाल एम्स पहुंच चुकी है, जहां पीड़िता के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में एसडीओपी ओबेदुल्लागंज शीला सुराणा ने कहा,
“महिला द्वारा जहर सेवन की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोग भी दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
मंडीदीप में जड़ें जमा चुकी है सूदखोरी
यह घटना केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं, बल्कि मंडीदीप में वर्षों से चल रहे सूदखोरी के अवैध कारोबार की भयावह तस्वीर सामने लाती है। मजबूरी और गरीबी का फायदा उठाकर सूदखोर 10 से 20 प्रतिशत तक मासिक ब्याज वसूलते हैं। तय तारीख पर भुगतान न होने पर 50 से 250 रुपये प्रतिदिन तक की पेनल्टी लगाई जाती है। इस अमानवीय दबाव से तंग आकर कई परिवार या तो शहर छोड़ने को मजबूर हो चुके हैं, तो कई लोगों ने अपनी जान तक गंवा दी है।
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि सूदखोरों का खौफ इतना गहरा है कि पीड़ित खुलकर शिकायत दर्ज कराने की हिम्मत नहीं जुटा पाते।जो हिम्मत जुटाकर शिकायत दर्ज कराता है तो सबूतों का हवाला देकर टालमटोल कर दिया जाता है।अब सवाल यह है कि क्या इस घटना के बाद प्रशासन सूदखोरी के इस काले कारोबार पर निर्णायक प्रहार करेगा, या फिर कोई और अश्विनी इसी भयावह व्यवस्था का शिकार बनती रहेगी?

ये ख़बर आपने पढ़ी देश के तेजी से बढ़ते लोकप्रिय हिंदी आज तेजी से बदलते परिवेश में जहां हर क्षेत्र का डिजिटलीकरण हो रहा है, ऐसे में
दैनिक तेजस रिपोर्टर
www.tejasreporter.com सटीक समाचार और तथ्यात्मक रिपोर्ट्स लेकर आधुनिक तकनीक से लैस अपने डिजिटल प्लेटफार्म पर प्रस्तुत है। अपने निडर, निष्पक्ष, सत्य और सटीक लेखनी के साथ…24X7
मैं पंकज जैन ✍️और मेरे सहयोगी अब आप तक देश विदेश की महत्वपूर्ण खबरों को पहुंचाने के लिए कटिबद्ध हैं।
ऐसी ही ताज़ा और अहम ख़बरों के लिए जुड़े रहें!
सभी अपडेट्स व नोटिफिकेशन प्राप्ति के लिए नीचे दिए गए बेल आइकन पर क्लिक कर अभी सब्सक्राइब करें।
Raju Atulkar
Author: Raju Atulkar

"पत्रकारिता सिर्फ पेशा नहीं, जिम्मेदारी भी है…" साल 2015 से कलम की स्याही से सच को उजागर करने की यात्रा जारी है। समसामयिक मुद्दों की बारीकियों को शब्दों में ढालते हुए समाज का आईना बनने की कोशिश। — राजू अतुलकर, तेजस रिपोर्टर डिजिटल

Join us on:

सबसे ज्यादा पड़ गई
Marketing Hack4u