संवाददाता: आज़म लाला भोपाल | हज़रत अली अलैहिस्सलाम की विलायत की याद में मनाए जाने वाले मुबारक मौक़े ईद-ए-ग़दीर पर महात्मा गांधी मार्केट करोंद में ख़ुशियों, मोहब्बत और इंसानियत का खूबसूरत मंज़र देखने को मिला। इस अवसर पर राहगीरों और स्थानीय लोगों के बीच शरबत, नमकीन, टॉफियाँ और पौधे तक़सीम कर ईद-ए-ग़दीर की मुबारकबाद पेश की गई।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश राज्य वक्फ न्यायाधिकरण, भोपाल के न्यायिक सदस्य हसन जैदी साहब को ख़ास तौर पर दावत दी गई, जिनकी मौजूदगी ने महफ़िल की रौनक में इज़ाफ़ा कर दिया।

इस नेक पहल का आयोजन बुक ज़ोन के संचालक हबीबुल हसन की जानिब से किया गया। उनके साथ फिरदौस आलम,अब्बबन साहब, हसीबुल हसन,औलाद हुसैन ,शब्बीर भाई , तहजीब भाई, फ़राज़, फिरदौस,शादाब इमरान दानिश सौरभ उमेश और अन्य दोस्तों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और ख़िदमत-ए-ख़ल्क़ के इस जज़्बे को मज़बूत किया।

ख़ास बात यह रही कि 5 जून को मनाए जाने वाले विश्व पर्यावरण दिवस के मौके को भी इस कार्यक्रम से जोड़ा गया। लोगों के बीच पौधों का वितरण किया गया और शजरकारी (वृक्षारोपण) कर पर्यावरण की हिफ़ाज़त का पैग़ाम दिया गया। मौजूद लोगों ने अहद किया कि वे ज़्यादा से ज़्यादा पौधे लगाकर आने वाली नस्लों के लिए एक बेहतर और साफ़-सुथरा माहौल तैयार करेंगे।

बुक ज़ोन के संचालक हबीबुल हसन ने कहा कि, “ख़ुशी के मौक़ों को अगर हम पौधे लगाकर और हरियाली बढ़ाकर मनाएँ, तो हमारी एक छोटी-सी पहल कई लोगों की ज़िंदगी में ख़ुशियों और राहत का सबब बन सकती है। दरख़्त सिर्फ़ पौधे नहीं होते, बल्कि आने वाले कल की साँसें होते हैं।”धार्मिक अकीदत, सामाजिक ज़िम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण के इस ख़ूबसूरत संगम को लोगों ने काफ़ी सराहा। ईद-ए-ग़दीर की खुशियों के साथ दिया गया हरियाली का यह पैग़ाम समाज के लिए एक मिसाली पहल बनकर सामने आया।
Author: SURAJ MEHRA
साल 2022 से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत "सूरज मेहरा" आज भी निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मध्यप्रदेश की राजनीति, करंट अफेयर्स में विशेष रुचि है , साथ ही ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव है , यहाँ मध्यप्रदेश की हर छोटी बड़ी हलचल पर नज़र रहती है। तेजस रिपोर्टर में प्रबंध संपादक का पदभार संभाल रहे हैं।






