📰 अतुल कुमार जैन
शिवपुरी । जिले में साइबर फ्रॉड का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां किसान सम्मान निधि के पैसे निकालने पहुंचे एक किसान के नाम पर कथित रूप से फर्जी बैंक खाता खोलकर साइबर ठगों द्वारा लाखों रुपए का लेनदेन किया गया। मामला पिछोर तहसील के भौंती थाना क्षेत्र के ग्राम निमघना-कुंडलपुर का बताया जा रहा है। पीड़ित किसान पिछले कई महीनों से पुलिस और प्रशासन के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है।
फिंगर लगवाकर खोल दिया एयरटेल पेमेंट बैंक खाता
जानकारी के अनुसार ग्राम निमघना-कुंडलपुर निवासी किसान नंदकिशोर लोधी पुत्र झगडू लोधी किसान सम्मान निधि के पैसे निकालने के लिए ग्राम पिपारा स्थित एक दुकान पर जाता था। किसान का आरोप है कि दुकान संचालक ने पैसे निकालने के बहाने उससे फिंगर लगवाए और बिना जानकारी दिए उसके नाम से एयरटेल पेमेंट बैंक का खाता खोल दिया। किसान को लंबे समय तक इस खाते की कोई जानकारी नहीं लगी। बाद में जब वह ट्रैक्टर रिफाइनेंस कराने एजेंसी पहुंचा तो दस्तावेज जांच के दौरान पता चला कि उसके नाम से दो नहीं बल्कि तीन बैंक खाते संचालित हैं।
दो खातों की जानकारी थी, तीसरे खाते ने उड़ाए होश
पीड़ित किसान ने बताया कि उसकी जानकारी में केवल दो बैंक खाते थे। पहला इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की मुख्य शाखा शिवपुरी में और दूसरा भारतीय स्टेट बैंक शाखा शिवपुरी में संचालित है। लेकिन तीसरा खाता एयरटेल पेमेंट बैंक का निकला, जिसके बारे में उसे कभी जानकारी ही नहीं दी गई।जब किसान ने उस खाते की डिटेल निकलवाई तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। खाते में लाखों रुपए का ट्रांजैक्शन हो चुका था और कई लोगों के मोबाइल नंबरों पर रकम ट्रांसफर की गई थी।
कई खातों और मोबाइल नंबरों में हुआ लेनदेन
किसान के अनुसार उसके नाम से खुले खाते से कई लोगों के खातों और मोबाइल नंबरों पर रकम भेजी गई। इसमें देवेंद्र लोधी, मोहनी लोधी, अंगद लोधी, संजना लोधी, लक्ष्मी लोधी, लवकुश राजपूत, कालो आदिवासी, रेखा लोधी, भावना लोधी, धर्मेंद्र लोधी सहित कई लोगों के नाम सामने आए हैं। किसान ने पूरे ट्रांजैक्शन की स्टेटमेंट भी अधिकारियों को सौंपी है।
एसपी से लेकर जनसुनवाई तक लगा चुका गुहार
पीड़ित किसान ने बताया कि उसने 24 मार्च 2026 को पिछोर थाना प्रभारी को आवेदन दिया था। इसके बाद 25 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत की गई। इतना ही नहीं, 21 अप्रैल 2026 तक उसने जनसुनवाई सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों के यहां आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। किसान का कहना है कि यदि वह ट्रैक्टर रिफाइनेंस कराने नहीं जाता तो उसे कभी पता ही नहीं चलता कि उसके नाम से तीसरा खाता भी संचालित हो रहा है और उसमें साइबर ठगी का पैसा घूम रहा है।
गांवों में सक्रिय साइबर गिरोहों की चर्चा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि भौंती, नयाखेड़ा, नवलपुरा, केडर, तिधारी और पिपारा क्षेत्र में लंबे समय से साइबर ठगी का नेटवर्क सक्रिय है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ लोग “गागा” नाम से साइबर फ्रॉड का काम कर रहे हैं और ठगी के जरिए लाखों की संपत्ति अर्जित कर चुके हैं।
पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि जब किसान ने महीनों पहले शिकायत दर्ज कराई थी तो अब तक जांच और कार्रवाई क्यों नहीं हुई। वहीं ग्रामीणों में भी डर का माहौल है कि कहीं उनके नाम से भी फर्जी खाते संचालित न किए जा रहे हों। अब देखना होगा कि पुलिस और साइबर सेल इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और पीड़ित किसान को न्याय कब तक मिल पाता है।
ये ख़बर आपने पढ़ी देश के तेजी से बढ़ते लोकप्रिय हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म www.tejasreporter.com पर
आज तेजी से बदलते परिवेश में जहां हर क्षेत्र का डिजिटलीकरण हो रहा है, ऐसे में
“दैनिक तेजस रिपोर्टर”
www.tejasreporter.com सटीक समाचार और तथ्यात्मक रिपोर्ट्स लेकर आधुनिक तकनीक से लैस अपने डिजिटल प्लेटफार्म पर प्रस्तुत है। अपने निडर, निष्पक्ष, सत्य और सटीक लेखनी के साथ…
मैं पंकज जैन और मेरे सहयोगी अब 24X7 आप तक देश विदेश की महत्वपूर्ण खबरों को पहुंचाने के लिए कटिबद्ध हैं।
ऐसी ही ताज़ा और अहम ख़बरों के लिए जुड़े रहें! सभी अपडेट्स व नोटिफिकेशन प्राप्ति के लिए नीचे दिए गए बेल आइकन पर क्लिक कर अभी सब्सक्राइब करें।
Author: Atul Kumar Jain
अतुल कुमार जैन निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मध्यप्रदेश के शिवपुरी क्षेत्र की जमीनी खबरों, स्थानीय मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर इनकी विशेष पकड़ है। क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी हलचल पर इनकी पैनी नजर रहती है। वर्तमान में तेजस रिपोर्टर के साथ जुड़कर शिवपुरी क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और निष्पक्ष एवं प्रभावी पत्रकारिता के माध्यम से अपनी सशक्त पहचान बना रहे हैं।






