रिपोर्ट: लक्ष्मी ओझा भोपाल, मप्र | आनंद नगर स्थित लक्ष्मी हॉस्पिटल में एक युवक की मौत के बाद बुधवार सुबह जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन गुस्साए लोगों ने पथराव कर दिया।

इस दौरान एक पुलिसकर्मी के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि तीन अन्य जवान भी घायल हुए। करीब एक घंटे तक चले बवाल के बाद पुलिस ने दो दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है

जाने पूरा मामला
राजधानी के भोपाल में एक मरीज की मौत के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हो गया। मामला पिपलानी थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का है, जहां बुधवार रात उपचार के दौरान मरीज की मौत हो गई।

मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जब मरीज की हालत नाजुक थी, तब समय रहते किसी बड़े अस्पताल में रेफर नहीं किया गया। परिजनों ने रोते-बिलखते आरोप लगाया कि “गलत इंजेक्शन” लगाए जाने की वजह से मरीज की जान गई। उनका दावा है कि डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को नजरअंदाज किया, जिससे यह दुखद घटना हुई।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों में इसी अस्पताल में कई मरीजों की मौत हुई है। घटना से आक्रोशित परिवार ने अस्पताल परिसर में न्याय की मांग को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के मुताबिक मृतक लक्ष्मण वंशकार आदमपुर छावनी भोपाल का निवासी बताया जा रहा है। परिवार में पत्नी और चार छोटे बच्चे हैं। बताया गया है कि वे घर के इकलौते कमाने वाले थे। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे डॉक्टरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई व एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़े हुए हैं।

हंगामे की सूचना मिलते ही पिपलानी थाने के थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझाइश दी। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विधिवत कार्रवाई की जाएगी और जांच निष्पक्ष रूप से की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा

Author: SURAJ MEHRA
साल 2022 से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत "सूरज मेहरा" आज भी निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मध्यप्रदेश की राजनीति, करंट अफेयर्स में विशेष रुचि है , साथ ही ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव है , यहाँ मध्यप्रदेश की हर छोटी बड़ी हलचल पर नज़र रहती है






