अतुल कुमार जैन |
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की खनियाधाना तहसील के सटोरिया गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। आज शाम, डेम के डूब क्षेत्र में जलभराव के दौरान, 14 श्रद्धालुओं से भरी एक लोहे की नाव पलट गई। इस दुर्घटना में 7 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 7 अन्य अभी भी लापता हैं।
मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे ग्रामीण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सटोरिया गांव के 14 निवासी बुंदेलखंडी फाग उत्सव मनाने के लिए जंगल में स्थित सिद्ध बाबा के मंदिर जा रहे थे। इस यात्रा के लिए उन्होंने डेम के डूब क्षेत्र को पार करने के लिए एक लोहे की नाव का सहारा लिया। नाव में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने के कारण, बीच पानी में रजावन क्षेत्र के पास नाव असंतुलित होकर डूब गई।
ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह
सूत्रों के अनुसार, नाव में 14 लोगों के सवार होने से वह ओवरलोड हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही खनियाधाना थाना पुलिस, पिछोर एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। माता टीला प्रबंधन के रेस्क्यू दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जो तैरना जानते थे। हालांकि, 7 लोग अभी भी लापता हैं।
लापता व्यक्तियों की सूची
-
शारदा पत्नी इमरत लोधी, उम्र 55 वर्ष
-
कुमकुम पुत्री अनूप लोधी, उम्र 15 वर्ष
-
लीला पत्नी रामनिवास लोधी, उम्र 40 वर्ष
-
चाइना पुत्री लल्लाराज लोधी, उम्र 14 वर्ष
-
कान्हा पुत्र कप्तान लोधी, उम्र 7 वर्ष
-
रामदेवी पत्नी भूरा लोधी, उम्र 35 वर्ष
-
शिवा पुत्र भूरा लोधी, उम्र 8 वर्ष
सुरक्षित निकाले गए व्यक्तियों की सूची
-
शिवराज पुत्र हरेराम लोधी, उम्र 60 वर्ष
-
सवित्री पत्नी अनूप लोधी, उम्र 40 वर्ष
-
जॉनसन पुत्र अनूप लोधी, उम्र 12 वर्ष
-
गुलाब पत्नी जगदीश लोधी, उम्र 40 वर्ष
-
लीला पत्नी सूरज सिंह लोधी, उम्र 45 वर्ष
-
रामदेवी पत्नी प्राण सिंह लोधी, उम्र 50 वर्ष
-
उषा पत्नी लाल सिंह लोधी, उम्र 45 वर्ष
नाव का संचालन प्रदीप लोधी द्वारा किया जा रहा था, जिसकी उम्र मात्र 18 वर्ष है। रात होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सुबह होते ही बचाव कार्य पुनः प्रारंभ किया जाएगा।
सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी का नतीजा
यह हादसा सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी और नाव में ओवरलोडिंग के कारण हुआ है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जलमार्गों का उपयोग करते समय सुरक्षा मानकों का पालन करें और क्षमता से अधिक लोगों को नाव में सवार न होने दें।
यह दुखद घटना हमें सुरक्षा नियमों के पालन की महत्ता का एहसास कराती है। प्रशासन और स्थानीय समुदाय को मिलकर ऐसे हादसों को रोकने के लिए सतर्कता बरतनी होगी।
इनका कहना है…
तत्काल सूचना के बाद बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया है।जल्द से जल्द लापता लोगों को खोजने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही पुलिस की टीम ओर गोताखोर लगातार लोगों की सर्चिंग में लगे हुए है।
अमन सिंह राठौड़, एसपी शिवपुरी







