रिपोर्ट-अतुल कुमार जैन
शिवपुरी | हाल ही में आयोजित सद्भावना और समन्वय समिति की बैठक में आगामी त्यौहारों को शांति, सद्भाव और समन्वय के साथ मनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों पर विचार-विमर्श किया गया। इस माह कई महत्वपूर्ण त्योहार हैं, जिनमें होलिका दहन 13 मार्च, होली 14 मार्च, चैत्र नवरात्रि का आरंभ 30 मार्च और 31 मार्च को ईद-उल-फितर शामिल हैं। इन त्योहारों के दौरान व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अधिकारियों ने अहम निर्देश दिए हैं।
बैठक के दौरान कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी ने स्पष्ट किया कि होलिका दहन के समय विशेष ध्यान रखा जाए कि लाइटों के पास और विद्युत तारों के नीचे होलिका दहन न किया जाए, ताकि कोई दुर्घटना न हो। केवल पारंपरिक रूप से चिन्हित स्थलों पर ही होलिका दहन होना चाहिए। इसके अलावा, होली और अन्य आयोजनों के दौरान बच्चों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की रुकावट न हो, इस पर भी विचार किया गया। स्कूल और कॉलेज की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान डीजे, लाउडस्पीकर या बैंड का उपयोग रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाएगा।








