अतुल कुमार जैन
शिवपुरी | कहते हैं कि जन समस्या निवारण शिविर में लोग अपनी परेशानियों का हल मांगने आते हैं—किसी को सड़कों की समस्या तो किसी को बिजली-पानी की तकलीफ। लेकिन बीते रोज कोलारस में आयोजित शिविर में एक युवक ने ऐसी अजीबोगरीब मांग रख दी कि पूरे इलाके में चर्चा का बाजार गर्म हो गया!

हुआ यूं कि जब क्षेत्रीय सांसद और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपनी दरबार सजाए बैठे थे, तभी एक मजदूर युवक हाथ में आवेदन लिए मंच की ओर बढ़ा। आवेदन में मांग थी कि “महाराज, शराब की कीमत कम करवा दो, नहीं तो परिवार पालना मुश्किल हो गया है!”
इस आवेदन को हम सशब्द प्रकाशित कर रहे हैं।
आवेदन कुछ यूं था :
जनसमस्या निवारण शिविर तहसील कोलारस दिनांक 10.02.2025
टोकन / क्रमांक 1745
श्रीमंत महाराजा ज्योतिरादित्य जी सिंधिया
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री भारत सरकार नई दिल्ली।
विषय – कोलारस शहर में शराब की कीमत कम करने बावत।
श्रीमंत महाराजा साहब,
सादर निवेदन है कि हम प्रार्थीगण कोलारस शहर के निवासी है हम प्रार्थीगण मजदूर व्यक्ति है तथा मजदूरी के बाद रात्री के समय थक जाते है इस कारण थकान दूर करने हेतु शराब का सहारा लेना पढता है और मजदूरी की आधी राशि शराब में ही खर्च हो जाती है इस कारण हम प्रार्थीगण अपना व अपने परिवार का भरण पोषण करने में समस्या आती है।
शराब की कीमत अधिक होने के कारण हम प्रार्थीगण भविष्य निधि भी जमा नहीं कर पाते है और यदि हम प्रार्थीगण शराब नहीं पीते है तो सुबह थकान के कारण मजदूरी करने नहीं जा पाते है और रात्री में नींद भी नहीं आती है।
अतः श्रीमंत महाराजा साहव से चरण स्पर्श कर हाथ जोडकर निवेदन है कि कोलारस शहर में शराब की कीमतों में कमी किये जाने बाबत संबंधित विभाग को निर्देशित करने
समस्त निवासी कोलारस
मोबाइल नंबर 989XXXX280
अब भला ऐसी मांग पर वहां मौजूद अधिकारी और जनता हक्के-बक्के रह गए!








