रिपोर्ट-अतुल कुमार जैन
शिवपुरी | बामौर कलां के शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय में गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम प्रधान सरपंच श्रीमती लक्ष्मी आदिवासी और मंडल अध्यक्ष श्री रमाकांत शर्मा द्वारा ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद मंडल अध्यक्ष ने दीप प्रज्वलित कर माँ सरस्वती का पूजन किया और सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित की।
समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों का विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री राजेश शर्मा ने तिलक और माल्यार्पण कर स्वागत किया। छात्राओं ने स्वागत गीत और सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर माहौल को संगीतमय बना दिया। इसके बाद विद्यालय की बालिकाओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर पर एक प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किया, जो उपस्थित दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर गया।

नशा मुक्ति अभियान पर नाटक ने मोहा मन
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यालय के छात्रों द्वारा प्रस्तुत नाटक “नशा मुक्ति अभियान” रहा। इस नाटक ने न केवल उपस्थित दर्शकों को जागरूक किया, बल्कि इसे इतनी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया कि सभी अभिभावक भावविभोर हो उठे। नाटक के माध्यम से नशा मुक्ति का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।
अनीशा और बेबी की सफलता का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की होनहार छात्रा अनीशा यादव और बेबी प्रजापति, कक्षा 8, को उनके ब्लॉक स्तर पर ओलंपियाड परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। उन्हें प्रमाण पत्र शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री धनीराम प्रजापति और राजकुमार यादव द्वारा प्रदान किया गया।








