रिपोर्ट-रामगोपाल साहू
ओबेदुल्लागंज |अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आजीविका मिशन, भारतीय स्टेट बैंक और म.प्र. डे-रा-ग्रा आजीविका विकासखंड ओबेदुल्लागंज के संयुक्त सहयोग से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जनपद पंचायत ओबेदुल्लागंज स्थित आजीविका भवन में संपन्न हुआ, जहां स्व-सहायता समूहों से जुड़ी प्रेरणादायक महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक, भोपाल के जनरल इंश्योरेंस मैनेजर श्री राघवेन्द्र कुशवाह द्वारा ग्राम दिवटिया की सरपंच श्रीमती मोला बाई, ग्राम बिनेका की उपसरपंच श्रीमती ग्यारसी बाई, नई दिशा संकुल संगठन की पदाधिकारी श्रीमती सुनीता कुर्वे, विकास संकुल संगठन की श्रीमती उमा मीना, एकता संकुल संगठन की श्रीमती ममता, एवं भोजपुर संकुल संगठन की श्रीमती ललिता नागर को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाए गए महत्वपूर्ण कदम
इस अवसर पर महिलाओं को आत्मनिर्भरता, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी जानकारी प्रदान की गई। वक्ताओं ने महिलाओं की समाज में बढ़ती भूमिका और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के विकसित भारत में महिलाएं पुरुषों के समकक्ष कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं।
खेल, प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन
कार्यक्रम के दौरान स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के बीच लेमन रेस, रस्सी कूद, गायन प्रतियोगिता जैसे मनोरंजक एवं प्रेरणादायक खेलों का आयोजन किया गया, जिससे महिलाओं का उत्साहवर्धन हुआ।








