अतुल कुमार जैन
पिछोर (शिवपुरी) | शासकीय छत्रसाल महाविद्यालय में हाल ही में ईको क्लब द्वारा “पर्यावरण हितैषी स्वनिर्मित वस्तुएँ” विषय पर एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को) और आईक्यूएएस के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य छात्रों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें नवाचार की ओर प्रेरित करना था।
प्राकृतिक संसाधनों से बनी कलाकृतियाँ बनी आकर्षण का केंद्र
महाविद्यालय के नवीन भवन परिसर में आयोजित इस प्रदर्शनी में छात्रों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। पर्यावरण अनुकूल सामग्री—पत्तियाँ, लकड़ी, टहनियाँ, कागज, मिट्टी आदि—का उपयोग करते हुए उन्होंने अद्भुत कलात्मक कृतियाँ प्रस्तुत कीं। मिट्टी के बर्तन, खूबसूरत फूलदान, कागज के सजावटी सामान, लकड़ी के खिलौने, कलमदान, डस्टबिन, खेत-खलिहान और जंगल के दृश्य जैसी अनेक रचनाएँ प्रदर्शनी में आकर्षण का केंद्र बनीं।








