📰 अतुल कुमार जैन
शिवपुरी | विकासखंड खनियाधाना में शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक बड़ा और सख्त प्रशासनिक कदम सामने आया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 1 से 8 तक नामांकन पूरी तरह शून्य पाए जाने पर शिक्षा विभाग ने 15 निजी विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव जिला स्तर पर भेज दिया है। वहीं एक शासकीय विद्यालय के प्रभारी भी इस कार्रवाई की जद में आ गए हैं।
लगातार निर्देशों के बाद भी नहीं सुधरे हालात
जानकारी के अनुसार, शिवपुरी कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) एवं जिला परियोजना समन्वयक (DPC) द्वारा समय-समय पर समीक्षा बैठकें आयोजित कर सभी स्कूलों को नामांकन बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कई निजी विद्यालयों ने नामांकन प्रक्रिया को गंभीरता से नहीं लिया।
हैरानी की बात यह है कि जिन विद्यालयों में पिछले सत्र 2025-26 में छात्र अध्ययनरत थे, उन्हीं स्कूलों में इस बार नामांकन पूरी तरह शून्य हो गया। इस स्थिति ने शिक्षा विभाग को सख्त रुख अपनाने के लिए मजबूर कर दिया।
नोटिस के बाद भी नहीं दिया संतोषजनक जवाब
विकासखंड स्त्रोत समन्वयक (BRC) खनियाधाना संजय भदौरिया द्वारा संबंधित सभी विद्यालय संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। उन्हें स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया था कि वे नामांकन की स्थिति सुधारें और संतोषजनक जवाब प्रस्तुत करें।
लेकिन निर्धारित समय सीमा में अधिकांश विद्यालय संचालकों द्वारा न तो ठोस जवाब दिया गया और न ही नामांकन में कोई सुधार किया गया। इसके चलते विभाग ने अब इन विद्यालयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का प्रस्ताव जिला कार्यालय को भेज दिया है।
इन 15 निजी विद्यालयों पर कार्रवाई प्रस्तावित
कार्रवाई की जद में आए विद्यालयों में—
संस्कार वैली स्कूल (अछरौनी)
ब्राइट लाइफ पब्लिक स्कूल, सीएसएएस न्यू थॉट कॉन्वेंट वैली स्कूल, न्यू रेनबो नेशनल स्कूल (बामौर कलां)
सरस्वती बाल मंदिर, ब्राइट फ्यूचर पब्लिक स्कूल, सेंट जेवियर्स पब्लिक स्कूल, होली क्रॉस पब्लिक स्कूल, श्री महाकाल इंटरनेशनल अकादमी, रॉयल एजुकेशन अकादमी, इंडिया पब्लिक स्कूल, ड्रीम माई छोटा स्कूल, डैफोडिल पब्लिक स्कूल (खनियाधाना)
एनजीएम अकादमी (गूडर)
इंडियन कॉन्वेंट स्कूल (मुहासा)
श्री हरवान सिंह पब्लिक स्कूल (सिनावलकलां)
शासकीय स्कूल भी नहीं बचा
इस कार्रवाई में एक शासकीय विद्यालय भी शामिल है। शासकीय प्राथमिक विद्यालय हरपालपुर नोहरा के प्रभारी महेंद्र सिंह यादव के खिलाफ भी नामांकन शून्य रहने पर कार्रवाई का प्रस्ताव जिला स्तर पर भेजा गया है।
जांच का विषय: आखिर क्यों हुआ शून्य नामांकन?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जिन विद्यालयों में पिछले वर्ष छात्र पढ़ रहे थे, वहां अचानक नामांकन शून्य कैसे हो गया? विभाग इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कारणों की जांच की तैयारी में है।
संभावना जताई जा रही है कि अभिभावकों का भरोसा कम होना, शिक्षा गुणवत्ता में गिरावट, या अन्य निजी/प्रशासनिक कारण इसके पीछे हो सकते हैं।
मान्यता समाप्त होने की चेतावनी
शिक्षा विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि यदि संबंधित विद्यालय समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं देते और नामांकन में सुधार नहीं करते, तो उनकी मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।
जिला स्तर पर होगी अंतिम कार्रवाई
बीआरसीसी खनियाधाना द्वारा तैयार यह प्रस्ताव जिला परियोजना समन्वयक को भेज दिया गया है। अब जिला स्तर पर समीक्षा के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
कड़ा संदेश: लापरवाही अब नहीं चलेगी
शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई को एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि अब शिक्षा के क्षेत्र में लापरवाही, खासकर नामांकन जैसे महत्वपूर्ण विषय पर, किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले समय में अन्य विद्यालयों पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।
ये ख़बर आपने पढ़ी देश के तेजी से बढ़ते लोकप्रिय हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म www.tejasreporter.com पर
आज तेजी से बदलते परिवेश में जहां हर क्षेत्र का डिजिटलीकरण हो रहा है, ऐसे में
“दैनिक तेजस रिपोर्टर”
www.tejasreporter.com सटीक समाचार और तथ्यात्मक रिपोर्ट्स लेकर आधुनिक तकनीक से लैस अपने डिजिटल प्लेटफार्म पर प्रस्तुत है। अपने निडर, निष्पक्ष, सत्य और सटीक लेखनी के साथ…
मैं पंकज जैन और मेरे सहयोगी अब 24X7 आप तक देश विदेश की महत्वपूर्ण खबरों को पहुंचाने के लिए कटिबद्ध हैं।
ऐसी ही ताज़ा और अहम ख़बरों के लिए जुड़े रहें! सभी अपडेट्स व नोटिफिकेशन प्राप्ति के लिए नीचे दिए गए बेल आइकन पर क्लिक कर अभी सब्सक्राइब करें।
Author: Atul Kumar Jain
अतुल कुमार जैन निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मध्यप्रदेश के शिवपुरी क्षेत्र की जमीनी खबरों, स्थानीय मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर इनकी विशेष पकड़ है। क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी हलचल पर इनकी पैनी नजर रहती है। वर्तमान में तेजस रिपोर्टर के साथ जुड़कर शिवपुरी क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और निष्पक्ष एवं प्रभावी पत्रकारिता के माध्यम से अपनी सशक्त पहचान बना रहे हैं।






