रिपोर्ट – अतुल कुमार जैन
शिवपुरी |भारतीय जनता पार्टी की शिवपुरी इकाई में अंदरूनी कलह अब खुलकर सतह पर आ गई है। शुक्रवार को एक ही दिन में दो बड़े नेताओं – भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं पार्षद ओमप्रकाश उर्फ ओमी जैन और भाजपा युवा मोर्चा नरवर की मंडल उपाध्यक्ष कु. आशु रावत ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर बड़ा झटका दिया है। इन इस्तीफों से पार्टी में खलबली मच गई है और संगठन की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
भ्रष्टाचार के खिलाफ बोले तो पार्टी ने ही शुरू की जांच: ओमी जैन
भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और वार्ड क्रमांक-5 से पार्षद ओमी जैन ने नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार के मुद्दे पर अपनी ही पार्टी के नेताओं से जवाबदारी तय करने की मांग की थी। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, विधायक देवेंद्र जैन सहित संगठन मंत्री तक अपनी बात पहुंचाई, लेकिन उन्हें सुनने की बजाय उनके खिलाफ जांच बैठा दी गई।
ओमी का आरोप है कि,
“पार्टी अब अपने ही निष्ठावान कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित कर रही है। मेरी संपत्ति, प्रकरण और व्यवसाय तक की जांच करवाई जा रही है ताकि दबाव बनाकर मुझे चुप कराया जा सके। भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्य नहीं सुनना चाहते। ऐसी पार्टी में रहने का कोई औचित्य नहीं है।”
ओमी जैन ने यह भी कहा कि उनका परिवार पिछले 60 वर्षों से पार्टी और संघ से जुड़ा है। उन्होंने स्वयं भी संघ के सभी प्रशिक्षण वर्ग पूरे किए हैं, फिर भी उन्हें और उनके परिवार को अपमानित किया जा रहा है।
“वादों पर खरी नहीं उतरी भाजपा” – आशु रावत
इसी दिन शाम को भाजपा युवा मोर्चा नरवर की मंडल उपाध्यक्ष आशु रावत ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपने इस्तीफे में स्पष्ट लिखा कि भाजपा के विचारों और कार्यशैली से वह सहमत नहीं हैं।
आशु रावत ने कहा,
“पार्टी ने जनता से जो वादे किए थे, वह पूरे नहीं किए। युवाओं, महिलाओं और किसानों के मुद्दों पर भाजपा केवल घोषणाएं करती रही। वास्तविकता में कुछ नहीं किया गया। पार्टी जिम्मेदारियों से भाग रही है और कार्यकर्ताओं की सुनवाई नहीं हो रही।”
भाजपा में गहराता असंतोष – और भी इस्तीफों के आसार
भाजपा के विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो यह केवल शुरुआत है। पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी और पार्षद संगठन की कार्यशैली से नाराज हैं और आने वाले दिनों में इस्तीफा दे सकते हैं। एक वरिष्ठ कार्यकर्ता ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा,
“पार्टी की हठधर्मिता और संवादहीनता अगर यूं ही जारी रही, तो आगामी चुनावों में भाजपा को बड़ा नुकसान हो सकता है।”
“तो पार्षद पद से भी इस्तीफा दें” – जिलाध्यक्ष का बयान
इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने कहा कि ओमी जैन को समझाने का प्रयास किया गया था, लेकिन उन्होंने दबाव की राजनीति की।
उन्होंने कहा,
“अगर उन्होंने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दिया है, तो उन्हें पार्षद पद से भी इस्तीफा देना चाहिए, क्योंकि वह भी पार्टी के मेनडेट पर ही बने हैं।”
राजनीतिक विश्लेषण: संवादहीनता और
संगठनात्मक ठहराव की मार
भाजपा के लिए यह घटनाक्रम केवल दो नेताओं के इस्तीफे नहीं हैं, बल्कि यह संगठन के अंदर चल रही गहरी असंतोष की परतें खोलते हैं। जिन नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दशकों तक पार्टी की सेवा की, आज वे स्वयं को उपेक्षित और अपमानित महसूस कर रहे हैं। संवाद की कमी, जवाबदेही का अभाव और सत्ताधारी रवैये ने जमीनी कार्यकर्ताओं को दूर करना शुरू कर दिया है।
ये ख़बर आपने पढ़ी देश के तेजी से बढ़ते लोकप्रिय हिंदी आज तेजी से बदलते परिवेश में जहां हर क्षेत्र का डिजिटलीकरण हो रहा है, ऐसे में
“दैनिक तेजस रिपोर्टर”
www.tejasreporter.com सटीक समाचार और तथ्यात्मक रिपोर्ट्स लेकर आधुनिक तकनीक से लैस अपने डिजिटल प्लेटफार्म पर प्रस्तुत है। अपने निडर, निष्पक्ष, सत्य और सटीक लेखनी के साथ…24X7
मैं पंकज जैन ✍️और मेरे सहयोगी अब आप तक देश विदेश की महत्वपूर्ण खबरों को पहुंचाने के लिए कटिबद्ध हैं।
ऐसी ही ताज़ा और अहम ख़बरों के लिए जुड़े रहें!
सभी अपडेट्स व नोटिफिकेशन प्राप्ति के लिए नीचे दिए गए बेल आइकन पर क्लिक कर अभी सब्सक्राइब करें।

Author: Raju Atulkar
"पत्रकारिता सिर्फ पेशा नहीं, जिम्मेदारी भी है…" साल 2015 से कलम की स्याही से सच को उजागर करने की यात्रा जारी है। समसामयिक मुद्दों की बारीकियों को शब्दों में ढालते हुए समाज का आईना बनने की कोशिश। — राजू अतुलकर, तेजस रिपोर्टर डिजिटल
100