✍️ रिपोर्ट : अतुल कुमार जैन
शिवपुरी (मध्य प्रदेश) | ज़िले के बैराड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बन्हेरा खुर्द की रामपुरा सहरिया आदिवासी बस्ती में बीती रात जो कुछ हुआ, उसने न केवल इंसानियत को शर्मसार किया बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था की पोल भी खोल दी।
बस्ती में आधी रात को हथियारों से लैस पाँच नकाबपोश बदमाश घुसे और आदिवासियों के घरों को निशाना बनाकर लूटपाट, मारपीट और एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि इस वीभत्स हमले के बाद भी आरोपी न केवल खुलेआम घूम रहे हैं बल्कि पीड़ितों को फोन पर जान से मारने की धमकियाँ दे रहे हैं।

-
रामपुरा बस्ती में पसरा मातम, महिलाओं की आंखों में डर और ज़ुबां पर सन्नाटा
-
आरोपियों के हौंसले बुलंद, खुलेआम फोन पर जान से मारने की धमकियाँ
-
पुलिसिया व्यवस्था पर सवाल, घटनास्थल का निरीक्षण तक नहीं
-
सहरिया क्रांति संगठन का अल्टीमेटम – गिरफ़्तारी नहीं हुई तो होगा आंदोलन
-
जनप्रतिनिधियों की चुप्पी शर्मनाक, आदिवासी बस्ती में नहीं पहुँचा कोई नेता
“जंगल गए तो जिंदा नहीं लौटोगे, और तुम्हारा संजय बेचैन व टीआई भी अब सिर्फ तीन दिन के मेहमान हैं” — यही धमकी मंगलवार सुबह पीड़ितों को कॉल पर दी गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
बस्ती में पसरा सन्नाटा, भय और लाचारी का माहौल
रामपुरा बस्ती के हर घर में मातम का माहौल है। बैजन्ती बाई, अनीता और अन्य महिलाओं ने रोते हुए बताया कि अब वे जंगल में महुआ बीनने या खेत में काम पर जाने से डरती हैं। बदमाशों ने खुलेआम धमकी दी है कि जंगल गए तो लाशें भी नहीं मिलेंगी।
घटना की बर्बरता की पुनरावृत्ति :
-
रात 12 बजे पाँच बदमाशों ने सबसे पहले दिनेश आदिवासी के घर धावा बोला।
-
बंदूक की नोक पर मोबाइल छीना, महिलाओं से मारपीट की गई और 10,000 रुपए नगद व जेवर लूटे गए।
-
फिर सीता आदिवासी के घर हमला हुआ, जहाँ महिलाओं को घर से घसीटकर पीटा गया।
-
दौलतराम आदिवासी के घर में भी लूट और मारपीट की गई।
-
सबसे भयावह – एक अकेली महिला को खाट पर पटक कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।







