रिपोर्ट-अतुल कुमार जैन
शिवपुरी | कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम अमरपुर में रविवार की रात डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा खंडित किए जाने से गांव में तनाव का माहौल बन गया। जाटव समाज के लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश उत्पन्न हो गया। मामले की सूचना मिलते ही कोलारस एसडीएम अनूप श्रीवास्तव और थाना प्रभारी अजय जाट ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने विवादित जमीन का सीमांकन कराते हुए यथास्थिति बनाए रखने के आदेश जारी किए हैं।
गांव के 72 वर्षीय कोमल पुत्र बुद्ध जाटव ने बताया कि रविवार रात करीब 8 बजे जब वह सरकारी स्कूल की ओर गए, तो उन्होंने देखा कि गांव के कमल कुशवाह और गणेश कुशवाह बाबा साहब की प्रतिमा को नुकसान पहुंचा रहे थे। कोमल के चिल्लाने पर दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। कोमल की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला दर्ज कर लिया है।
घटना के बाद यह सवाल भी उठा कि प्रतिमा जिस स्थान पर स्थापित की गई थी, वह जमीन सरकारी है या निजी। प्रशासन ने तुरंत सीमांकन प्रक्रिया पूरी कर स्पष्ट किया कि यह जमीन सरकारी है। एसडीएम श्रीवास्तव ने कहा कि भविष्य में इस जमीन पर कोई भी प्रतिमा स्थापित करने से पहले विधिवत अनुमति लेनी होगी।








