अतुल कुमार जैन, शिवपुरी
खनियाधाना | भारत सरकार की प्रतिष्ठित आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कार्ड बनाने के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। शिवपुरी जिले के खनियाधाना विकासखंड के ग्राम बामौर खुर्द की आशा कार्यकर्ता श्रीमती मीरा पाल को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. संजय ऋषीश्वर ने निष्क्रिय घोषित कर दिया है।
मामला 27 दिसंबर 2024 का है, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें आशा कार्यकर्ता द्वारा हितग्राही से आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए ₹100 की मांग की जा रही थी। यह वीडियो वायरल होने के बाद खनियाधाना के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण झसया ने मामले की जानकारी सीएमएचओ को दी। त्वरित कार्रवाई करते हुए सीएमएचओ ने आशा कार्यकर्ता को तुरंत निष्क्रिय घोषित कर दिया और संबंधित आदेश कार्यालयीन पत्र क्रमांक/आशा/2024/4041 के तहत 27 दिसंबर 2024 को जारी कर दिया गया।








