रिपोर्ट : अतुल कुमार जैन
पिछोर | मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संचालित “स्कूल चले हम” अभियान के तहत बुधवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बामौर डामरोंन में भव्य प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पिछोर क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह लोधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
सरस्वती पूजन के साथ हुआ शुभारंभ, बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को तिलक लगाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं जनप्रतिनिधियों ने भी बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।
छात्रों को मिली निःशुल्क पुस्तकें और साइकिलें
प्रवेशोत्सव के अवसर पर विधायक द्वारा कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को शासन की योजना के अंतर्गत निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों एवं साइकिलों का वितरण किया गया। इससे बच्चों में खासा उत्साह देखा गया और उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
मेधावी और खिलाड़ियों का सम्मान

कार्यक्रम में कक्षा 9 एवं 11 में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ सांसद खेल प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विधायक ने सभी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल और शिक्षा दोनों में संतुलन जरूरी है।
बच्चों की मांग पर वाटर कूलर की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने विद्यालय में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग रखी। इस पर विधायक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अपनी विधायक निधि से वाटर कूलर उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही विद्यालय में कक्षों की कमी को लेकर भी उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रस्ताव स्वीकृत होते ही नए कक्षों का निर्माण कराया जाएगा।
शिक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
अपने संबोधन में विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा का स्तर सुधारना उनकी पहली प्राथमिकता रही है। उन्होंने बताया कि पहले जहां शिक्षा का प्रतिशत लगभग 35% था, अब वह बढ़कर 75% तक पहुंच चुका है। उनका लक्ष्य है कि क्षेत्र के विद्यार्थी मध्यप्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान प्राप्त करें। ऐसे विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा, साथ ही उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा।
क्षेत्रीय विकास कार्यों का भी किया उल्लेख
विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। बामौर क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए कई सड़कों का निर्माण एवं स्वीकृति दी गई है, जिससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के विचार
विकासखंड शिक्षा अधिकारी विनोद गुप्ता ने “स्कूल चले हम” अभियान के उद्देश्य और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य वीरेंद्र शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों एवं आवश्यकताओं पर प्रकाश डाला।
भाजपा जिला मंत्री कृष्ण बिहारी गुप्ता ने विधायक के विकास कार्यों की सराहना करते हुए बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी
संचालन और उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक महेंद्र सिंह यादव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि विकास जैन, आशीष चौधरी, दिलीप मिश्रा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
बामौर डामरोंन विद्यालय में आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम न केवल बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का माध्यम बना, बल्कि विद्यालय के विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणाएं हुईं। विधायक की पहल से शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में सकारात्मक संकेत मिले हैं।
ये ख़बर आपने पढ़ी देश के तेजी से बढ़ते लोकप्रिय हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म www.tejasreporter.com पर
आज तेजी से बदलते परिवेश में जहां हर क्षेत्र का डिजिटलीकरण हो रहा है, ऐसे में
“दैनिक तेजस रिपोर्टर”
www.tejasreporter.com सटीक समाचार और तथ्यात्मक रिपोर्ट्स लेकर आधुनिक तकनीक से लैस अपने डिजिटल प्लेटफार्म पर प्रस्तुत है। अपने निडर, निष्पक्ष, सत्य और सटीक लेखनी के साथ…
मैं पंकज जैन और मेरे सहयोगी अब 24X7 आप तक देश विदेश की महत्वपूर्ण खबरों को पहुंचाने के लिए कटिबद्ध हैं।
ऐसी ही ताज़ा और अहम ख़बरों के लिए जुड़े रहें! सभी अपडेट्स व नोटिफिकेशन प्राप्ति के लिए नीचे दिए गए बेल आइकन पर क्लिक कर अभी सब्सक्राइब करें।
Author: Atul Kumar Jain
अतुल कुमार जैन निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मध्यप्रदेश के शिवपुरी क्षेत्र की जमीनी खबरों, स्थानीय मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर इनकी विशेष पकड़ है। क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी हलचल पर इनकी पैनी नजर रहती है। वर्तमान में तेजस रिपोर्टर के साथ जुड़कर शिवपुरी क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और निष्पक्ष एवं प्रभावी पत्रकारिता के माध्यम से अपनी सशक्त पहचान बना रहे हैं।






