“जियो और जीने दो” का दिव्य संदेश गूंजा, बामौर कलां में भक्ति और उल्लास के साथ मनी भगवान महावीर स्वामी की 2625वीं जयंती

SHARE:

अतुल जैन
बामौर कलां। चैत्र शुक्ल त्रयोदशी के पावन अवसर पर जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की 2625वीं जयंती बामौर कलां में अभूतपूर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। नगर में सुबह से लेकर देर शाम तक धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला चलती रही, जिसमें समाज के सभी वर्गों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। पूरा नगर भगवान महावीर के जयकारों और भक्ति रस में सराबोर नजर आया।
प्रभात फेरी से गूंजा नगर, भक्ति गीतों से हुआ शुभारंभ

महावीर जयंती के उपलक्ष्य में दिन की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई। दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में निकाली गई इस प्रभात फेरी में महिलाएं, पुरुष, बच्चे और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। श्रद्धालु भक्ति गीत गाते हुए और “महावीर स्वामी की जय” के जयकारे लगाते हुए नगर भ्रमण करते रहे। इसके पश्चात जैन मंदिर में भगवान महावीर स्वामी का विधि-विधान से अभिषेक एवं शांतिधारा का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।
भव्य रथ में विराजे भगवान, नगर भ्रमण में उमड़ा जनसैलाब
सुबह 8 बजे भगवान महावीर स्वामी को आकर्षक और सुसज्जित रथ में विराजमान कर भव्य नगर भ्रमण चल समारोह निकाला गया। यह शोभायात्रा जैन मंदिर से प्रारंभ होकर पीपल चौक, मैन मार्केट, परदेसी पुरा, मैन रोड होते हुए तालाबपुरा तक पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती उतारी और भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
चल समारोह में आकर्षक झांकियां, धार्मिक ध्वज, बैंड-बाजे और भक्ति संगीत के साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने इसे भव्य स्वरूप प्रदान किया। नगर के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और हर ओर उत्सव जैसा माहौल नजर आया।
भजनों की मधुर धुनों ने बांधा समां
चल समारोह के दौरान भक्ति संगीत ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। मुकेश पटेरिया ने हारमोनियम पर मधुर संगत देकर भजनों को जीवंत बनाया, वहीं नरेंद्र जैन एवं सुरेंद्र जैन दोनों भाइयों ने अपनी भावपूर्ण भजन प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरे मार्ग में भगवान महावीर के जयकारे गूंजते रहे।
धार्मिक पात्रों ने निभाई अपनी गरिमामयी भूमिकाएं

जन्म कल्याणक महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक पात्रों ने अपनी-अपनी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। सौधर्म इन्द्र के रूप में अभय कुमार सिंघई परिवार, शानत इन्द्र के रूप में मुकेश जैन व्या परिवार, माहेन्द्र इन्द्र के रूप में पुष्पेन्द्र जैन बड़कुल परिवार तथा इशान इन्द्र के रूप में सतीष चंद पांडे परिवार ने सहभागिता की।
रथ के सारथी के रूप में अभिषेक जैन मिठया परिवार ने जिम्मेदारी संभाली, जबकि धर्म ध्वजा का दायित्व जिनेन्द्र जैन बारी बाले परिवार द्वारा निभाया गया। शांतिधारा पुन्यार्जकों में प्रथम अशोक कुमार विनय जैन सिंघई परिवार, द्वितीय सतीष चंद जैन पांडे परिवार एवं तृतीय नरेंद्र जैन बड़कुल परिवार शामिल रहे।
आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से होगा समापन
शाम के समय भगवान महावीर स्वामी की भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात महिला मंडल द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनमें भक्ति गीत, नृत्य एवं धार्मिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान महावीर के जीवन और उनके उपदेशों को सजीव रूप में दर्शाया जाएगा।
भक्ति, एकता और सद्भाव का बना अनुपम उदाहरण
महावीर जयंती का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का भी संदेश देने वाला बना। पूरे बामौर कलां में दिनभर भक्ति, उल्लास और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने इस पर्व को अविस्मरणीय बना दिया।

ये ख़बर आपने पढ़ी देश के तेजी से बढ़ते लोकप्रिय हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म www.tejasreporter.com पर
आज तेजी से बदलते परिवेश में जहां हर क्षेत्र का डिजिटलीकरण हो रहा है, ऐसे में
दैनिक तेजस रिपोर्टर
www.tejasreporter.com सटीक समाचार और तथ्यात्मक रिपोर्ट्स लेकर आधुनिक तकनीक से लैस अपने डिजिटल प्लेटफार्म पर प्रस्तुत है। अपने निडर, निष्पक्ष, सत्य और सटीक लेखनी के साथ…
मैं पंकज जैन  और मेरे सहयोगी अब 24X7 आप तक देश विदेश की महत्वपूर्ण खबरों को पहुंचाने के लिए कटिबद्ध हैं।
ऐसी ही ताज़ा और अहम ख़बरों के लिए जुड़े रहें! सभी अपडेट्स व नोटिफिकेशन प्राप्ति के लिए नीचे दिए गए बेल आइकन पर क्लिक कर अभी सब्सक्राइब करें।
Atul Kumar Jain
Author: Atul Kumar Jain

अतुल कुमार जैन निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मध्यप्रदेश के शिवपुरी क्षेत्र की जमीनी खबरों, स्थानीय मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर इनकी विशेष पकड़ है। क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी हलचल पर इनकी पैनी नजर रहती है। वर्तमान में तेजस रिपोर्टर के साथ जुड़कर शिवपुरी क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और निष्पक्ष एवं प्रभावी पत्रकारिता के माध्यम से अपनी सशक्त पहचान बना रहे हैं।

Join us on:

सबसे ज्यादा पड़ गई