📰 सौरभ जैन
मंडीदीप | नगर में शुक्रवार 27 मार्च 2026 को जैन संतों का मंगल आगमन होने जा रहा है। इस आध्यात्मिक अवसर को लेकर जैन समाज में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।

उल्लेखनीय है कि 19 फरवरी 2026 को मध्यप्रदेश के सिद्ध क्षेत्र मुक्तागिरी में परम पूज्य चर्या शिरोमणि समाधिस्थ आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महामुनिराज के परम प्रभावक शिष्य नवाचार्य आचार्य श्री समयसागर जी महाराज के सानिध्य में 22 से अधिक साधुओं को भव्य “जैनेश्वरी मुनि दीक्षा” प्रदान की गई थी।

आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह ऐतिहासिक आयोजन हुआ, जिसमें देशभर से श्रद्धालु साक्षी बने।

इसी दीक्षा समारोह में दीक्षित 5 मुनिराज पहली बार अपने पावन चरण मंडीदीप में रखने जा रहे हैं, जिससे यह आगमन और भी विशेष बन गया है।

मुनि सेवा समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार जैन (RNG) ने जानकारी देते हुए बताया कि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज एवं आचार्य श्री समयसागर जी महाराज (ससंघ) के प्रभावक शिष्य मुनिगण नगर पधारेंगे। इस दौरान –
-
मुनिश्री 108 उद्यमसागरजी महाराज
-
मुनिश्री 108 गरिष्ठसागरजी महाराज
-
मुनिश्री 108 आदरसागरजी महाराज
-
मुनिश्री 108 स्वरूपसागरजी महाराज
-
मुनिश्री 108 हीरकसागरजी महाराज
का मंगल आगमन होगा।
संतों के स्वागत के लिए सुबह 8 बजे जिलेटिन चौराहे पर मंगल आगवानी आयोजित की जाएगी, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। इसके पश्चात सुबह 10 बजे पटेल नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में आहारचर्या संपन्न होगी।







