रिपोर्ट:अतुल कुमार जैन शिवपुरी मप्र | शिवपुरी जिले की पिछोर अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) प्रशांत शर्मा को सामुदायिक पुलिसिंग और आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने के उत्कृष्ट कार्य के लिए राजधानी भोपाल में आयोजित एक भव्य समारोह में सम्मानित किया गया। उन्हें मध्यप्रदेश पुलिस के मुखिया पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा द्वारा सम्मान प्रदान किया गया।
भोपाल में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम “संबल 2026” के अंतर्गत यह सम्मान दिया गया। इस कार्यक्रम की थीम “Celebrating Social Work in Criminal Justice System” रखी गई थी, जिसमें देशभर के सोशल एक्टिविस्ट, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, न्यायिक अधिकारी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन 10 व 11 मार्च 2026 को भोपाल स्कूल ऑफ सोशल साइंस, डीआरएम ऑफिस के सामने, भोपाल में किया गया।
इस दौरान महिला सुरक्षा, बाल सुरक्षा, दिव्यांगजन सुरक्षा, कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण, न्याय सुलभता और पुलिस-सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गोष्ठियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम में उप पुलिस महानिरीक्षक विनीत कपूर ने कहा कि SDOP पिछोर प्रशांत शर्मा अपनी नियमित ड्यूटी के साथ-साथ आमजन से निरंतर संवाद बनाए रखते हैं और उनका क्षेत्र में सोशल कनेक्ट बेहद मजबूत है, इसलिए वे इस सम्मान के पूर्ण रूप से हकदार हैं।
SDOP प्रशांत शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत नहीं बल्कि पूरी पुलिस टीम का है। उन्होंने बताया कि शिवपुरी पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के मार्गदर्शन में जिले में सामुदायिक पुलिसिंग और जनसुरक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्राम एवं नगर रक्षा समितियों, सामाजिक संस्थाओं और आमजन के सहयोग से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।
Author: SURAJ MEHRA
साल 2022 से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत "सूरज मेहरा" आज भी निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मध्यप्रदेश की राजनीति, करंट अफेयर्स में विशेष रुचि है , साथ ही ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव है , यहाँ मध्यप्रदेश की हर छोटी बड़ी हलचल पर नज़र रहती है





