रिपोर्ट; इमरान लाला नलखेड़ा आगर मालवा मप्र | मां बगलामुखी की पावन नगरी नलखेड़ा में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। बीते छह महीनों में दूसरी बार एक सराफा व्यापारी पर जानलेवा हमला होने से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। आए दिन व्यापारियों और आम लोगों के साथ मारपीट, लूट और अपहरण जैसी घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

बुधवार शाम को नगर के सराफा व्यापारी अयान पिता अली हुसैन (22) रोजे की अफ्तारी का सामान लेकर बाजार से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे घर पहुंचे, पहले से घात लगाकर खड़ी एक भीड़ ने उन्हें घेर लिया और गाड़ी से उतारकर मारपीट शुरू कर दी।

घर के अंदर मौजूद उनकी मां बेटे की चीख-पुकार सुनकर बाहर आईं और बीच-बचाव करने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। घायल मां-बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद आगर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने मामले में एक नामजद सहित चार अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, हालांकि आरोप है कि घटना की गंभीरता के बावजूद मामूली धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पीड़ित पक्ष का यह भी कहना है कि जब वे शिकायत दर्ज कराने थाना नलखेड़ा पहुंचे तो आरोपियों के समर्थक पहले से ही थाने में मौजूद थे। इससे स्थानीय लोगों में पुलिस और अपराधियों की सांठगांठ की आशंका भी जताई जा रही है।
इस घटना के बाद नलखेड़ा में व्यापारी वर्ग और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में अपराधियों के हौसले और भी बढ़ सकते हैं।
Author: SURAJ MEHRA
साल 2022 से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत "सूरज मेहरा" आज भी निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मध्यप्रदेश की राजनीति, करंट अफेयर्स में विशेष रुचि है , साथ ही ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव है , यहाँ मध्यप्रदेश की हर छोटी बड़ी हलचल पर नज़र रहती है






