मध्यप्रदेश में देर रात प्रशासनिक सर्जरी: 11 IAS अफसरों के तबादले, स्वास्थ्य–वन–जनसंपर्क समेत कई विभागों में बड़ा बदलाव,कमल सोलंकी बने  रायसेन जिला पंचायत सीईओ

SHARE:

डिजिटल डेस्क भोपाल
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने शुक्रवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 11 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस निर्णय के साथ स्वास्थ्य, वन, जनसंपर्क, कृषि और ऊर्जा जैसे अहम विभागों की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है। आदेश जारी होते ही मंत्रालय से लेकर जिलों तक हलचल तेज हो गई।

स्वास्थ्य और वन विभाग में अदला-बदली

अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल को वन विभाग से हटाकर लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास पर्यावरण विभाग पहले की तरह रहेगा, साथ ही भोपाल गैस त्रासदी राहत और खाद्य सुरक्षा आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
वहीं प्रमुख सचिव संदीप यादव को स्वास्थ्य विभाग से स्थानांतरित कर वन विभाग का दायित्व सौंपा गया है। उन्हें प्रवासी भारतीय विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है।

जनसंपर्क विभाग की कमान फिर मनीष सिंह के हाथ

2009 बैच के अधिकारी मनीष सिंह को जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वे पहले भी इस विभाग का नेतृत्व कर चुके हैं। उनके पास परिवहन और जेल विभाग का प्रभार यथावत रहेगा। साथ ही राज्य सड़क परिवहन निगम और इंटर स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी का अतिरिक्त दायित्व भी संभालेंगे।
अब तक जनसंपर्क देख रहे दीपक कुमार सक्सेना को आबकारी आयुक्त ग्वालियर बनाया गया है। वहीं अभिजीत अग्रवाल को मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ, भोपाल का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है।

कृषि वर्ष से पहले अहम बदलाव

सरकार 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाने की तैयारी में है, ऐसे में कृषि विभाग में भी बदलाव किए गए हैं। अजय गुप्ता को मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, जबलपुर का प्रबंध संचालक बनाया गया है। उमाशंकर भार्गव को किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग का संचालक नियुक्त किया गया है। भिंड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रहे सुनील दुबे को राज्यपाल का उप सचिव बनाया गया है। उच्च शिक्षा विभाग की उपसचिव संघमित्रा गौतम को आलीराजपुर जिले का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।

जिलों और निगमों में भी फेरबदल

नंदा भलावे कुशरे को राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान का परियोजना संचालक बनाया गया।
कमल सोलंकी को रायसेन जिले में नई जिम्मेदारी दी गई।
शाजापुर के अपर कलेक्टर भुरला सिंह सोलंकी को आगर मालवा भेजा गया।
छतरपुर के अपर कलेक्टर मिलिंद कुमार नामदेव को खरगोन में पदस्थ किया गया।
बुरहानपुर के अपर कलेक्टर वीर सिंह चौहान को भिंड जिला पंचायत का सीईओ बनाया गया।
इंदौर सहकारी दुग्ध संघ के उप महाप्रबंधक राकेश शर्मा को मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, भोपाल में मुख्य महाप्रबंधक नियुक्त किया गया।
सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को आगामी योजनाओं और वर्ष 2026 की प्राथमिकताओं से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि विभागों की कार्यक्षमता बढ़ाने और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के उद्देश्य से यह बदलाव किए गए हैं।
SURAJ MEHRA
Author: SURAJ MEHRA

साल 2022 से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत "सूरज मेहरा" आज भी निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मध्यप्रदेश की राजनीति, करंट अफेयर्स में विशेष रुचि है , साथ ही ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव है , यहाँ मध्यप्रदेश की हर छोटी बड़ी हलचल पर नज़र रहती है

Join us on:

सबसे ज्यादा पड़ गई
Marketing Hack4u