रिपोर्ट: आजम लाला / लक्ष्मी ओझा
भोपाल मप्र | राजधानी भोपाल के करोंद स्थित सृष्टि अस्पताल के प्रबंधक राजकुमार सूर्यवंशी ने चार लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना निशातपुरा में शिकायत दर्ज कराई है। सूर्यवंशी का आरोप है कि नीरज यादव, एस.के. मिश्रा, इमरान खान और डॉक्टर आशिक ने मिलकर उनसे 6 लाख रुपये की अड़ीबाजी करने की कोशिश की और लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा है।

राजकुमार सूर्यवंशी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वह अनुसूचित जाति समुदाय से हैं और आरोपियों ने उन्हें जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया, गालियां दीं और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। पैसे देने से मना करने पर अस्पताल के खिलाफ झूठे आवेदन देकर जांच बैठाने और अस्पताल बंद करवाने की धमकी दी जा रही है।

सूर्यवंशी का कहना है कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ जातिसूचक वीडियो वायरल कराए जा रहे हैं और एक कथित पत्रकार के साथ मिलकर अस्पताल की छवि खराब करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि जांच में अस्पताल निर्दोष पाया जाता है तो उनके मान-सम्मान की भरपाई कौन करेगा।

प्रबंधक ने कहा कि अगर अस्पताल में कोई कमी है तो वैधानिक संस्थाएं जैसे मेडिकल काउंसिल जांच करें, लेकिन ब्लैकमेलिंग और दबाव बनाकर पैसे मांगना अपराध है। आरोपियों द्वारा बार-बार कहा जा रहा है कि पैसे नहीं दिए तो अस्पताल बंद करा दिया जाएगा। राजकुमार सूर्यवंशी ने थाना निशातपुरा में आवेदन देकर अड़ीबाजी, मानसिक प्रताड़ना और अनुसूचित जाति अत्याचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा गिरोह दलित व्यक्ति के आगे बढ़ने से परेशान होकर उन्हें लगातार निशाना बना रहा है और ब्लैकमेलिंग के जरिए पैसा ऐंठना चाहता है।
Author: SURAJ MEHRA
साल 2022 से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत "सूरज मेहरा" आज भी निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मध्यप्रदेश की राजनीति, करंट अफेयर्स में विशेष रुचि है , साथ ही ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव है , यहाँ मध्यप्रदेश की हर छोटी बड़ी हलचल पर नज़र रहती है






