डेस्क रिपोर्ट नई दिल्ली | केंद्र सरकार ने वर्ष 2025 से देशभर में नए रेंट नियम लागू कर दिए हैं। इन नियमों का मकसद किराए पर घर लेने की प्रक्रिया को आसान, पारदर्शी और सुरक्षित बनाना है। साथ ही मकान मालिक और किरायेदार के बीच होने वाले विवादों पर भी अंकुश लगाना है। नए नियमों से डिजिटल रजिस्ट्रेशन, सीमित सिक्योरिटी डिपॉजिट और जबरन बेदखली पर सख्त रोक जैसी व्यवस्थाएं लागू हो गई हैं।
क्या बदला नए रेंट नियम 2025 में?
60 दिन में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
अब हर रेंट एग्रीमेंट डिजिटल स्टाम्प पर ही मान्य होगा। एग्रीमेंट साइन होने के 60 दिनों के भीतर उसका ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा। रजिस्ट्रेशन नहीं कराने पर 5,000 रुपये से जुर्माने का प्रावधान किया गया है।
सिक्योरिटी डिपॉज़िट पर सख्त सीमा
आवासीय मकान: अधिकतम 2 महीने का किराया
व्यावसायिक संपत्ति: अधिकतम 6 महीने का किराया
इससे मेट्रो शहरों में भारी एडवांस के बोझ से किरायेदारों को बड़ी राहत मिलेगी।
साल में एक बार ही किराया बढ़ेगा
अब मकान मालिक केवल 12 महीने बाद ही किराया बढ़ा सकेंगे। इसके लिए उन्हें कम से कम 90 दिन पहले लिखित नोटिस देना अनिवार्य होगा।
बिना आदेश के बेदखली अब गैरकानूनी
किरायेदार को केवल किराया न्यायाधिकरण के आदेश के बाद ही घर खाली कराया जा सकेगा। किसी भी प्रकार की जबरदस्ती पूरी तरह गैरकानूनी होगी।
किरायेदार की निजता होगी सुरक्षित
मकान मालिक बिना अनुमति घर में प्रवेश नहीं कर सकते। निरीक्षण के लिए भी 24 घंटे पहले सूचना देना जरूरी होगा।
पुलिस वेरिफिकेशन हुआ अनिवार्य
हर किरायेदार का पुलिस सत्यापन जरूरी होगा। बिजली-पानी काटना, ताला डालना या धमकी देना अब सीधा अपराध माना जाएगा।
मरम्मत में लापरवाही पर किराया काटने का अधिकार
जरूरी मरम्मत की सूचना के 30 दिन के भीतर काम नहीं होने पर किरायेदार खुद मरम्मत करा सकता है और उसका खर्च किराए से काट सकता है।
विशेषज्ञों की राय
कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि ये नियम देश में किराये के मकानों को लेकर लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता को खत्म करेंगे और मकान मालिक तथा किरायेदार — दोनों के अधिकारों को संतुलित करेंगे।
नए नियमों से किराए पर रहने वालों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं मकान मालिकों की मनमानी पर भी अब कानून का शिकंजा कस गया है
Author: SURAJ MEHRA
साल 2022 से लगातार पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत "सूरज मेहरा" आज भी निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मध्यप्रदेश की राजनीति, करंट अफेयर्स में विशेष रुचि है , साथ ही ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव है , यहाँ मध्यप्रदेश की हर छोटी बड़ी हलचल पर नज़र रहती है





