✍️ रिपोर्ट : नारायण राजपूत
रायसेन | गौहरगंज थाना क्षेत्र में छह वर्ष की मासूम बच्ची से दुष्कर्म की घटना ने पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश को चरम पर पहुँचा दिया है। आरोपी 23 वर्षीय सलमान खान की गिरफ्तारी तीसरे दिन भी न होने से लोगों में गहरा असंतोष है। सोमवार को विरोध ने उग्र रूप लिया और मंदीदीप से भोपाल की ओर लगभग 14 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। दोपहर 12 बजे से 3.30 बजे तक हजारों वाहन फंसे रहे। औबेदुल्लागंज की ओर भी करीब सात किलोमीटर लंबी कतारें देखी गईं।

हिंदू संगठनों, सकल हिंदू समाज, व्यापारी संघ और छात्र संगठनों ने विभिन्न स्थानों पर धरने दिए। मंडीदीप में प्रथम ढाबे के पास सड़क पर कंटेनर खड़ा कर चक्काजाम किया। विरोध कर रहे लोगों की मांग थी कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और मामले में कठोरतम सजा सुनिश्चित की जाए। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने दोपहर करीब तीन बजे हल्का बल प्रयोग किया, लेकिन कुछ देर बाद प्रदर्शनकारियों ने फिर सड़क पर बैठकर विरोध जारी रखा।

हालात नियंत्रित करने के लिए ASP, SDM, तहसीलदार और पांच थानों का बल मौके पर तैनात किया गया। बाद में सकल हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने ASP कमलेश कुमार खरपूसे को ज्ञापन सौंपा। ASP ने दो दिन के भीतर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाना शुरू किया गया और ट्रैफिक शाम तक सामान्य हो पाया।

उधर, मंगल बाजार क्षेत्र में विद्यार्थी परिषद से जुड़ी स्कूली छात्राओं ने भी सड़क पर बैठकर मासूम को न्याय दिलाने की मांग की।

औबेदुल्लागंज, पांजरा, चिकलोद, सराकिया और मंडीदीप सहित कई स्थानों पर बाजार बंद रहे।

व्यापारी संघों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और हिंदू उत्सव समिति ने भी ज्ञापन सौंपकर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कठोर सजा की मांग की है।

उल्लेखनीय है, 21 नवंबर की शाम बच्ची घर के बाहर खेल रही थी जब आरोपी सलमान उसे चॉकलेट दिलाने के बहाने जंगल की ओर ले गया। बच्ची रोती हुई जंगल में मिली और परिजनों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुँचाया। परिवार का आरोप है कि समय पर एंबुलेंस नहीं मिली, जिससे उपचार में देरी हुई। अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोपों की जांच के आदेश भी दिए गए हैं। बच्ची को एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

उधर बीती रात में ग्राम मुरारी में सर्चिंग के दौरान तनाव की स्थिति बनी जब कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ ग्रामीण पुलिस और सामाजिक संगठनों को गाँव में प्रवेश नहीं करने दे रहे थे। जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष देर रात मौके पर पहुँचे और स्थिति को शांत करने की कोशिश की।

घटना पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अस्पताल पहुँचकर पीड़िता का हाल जाना। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर फास्ट-ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। स्थानीय विधायक सुरेंद्र पटवा भी गौहरगंज थाने के बाहर महिलाओं के धरने में शामिल हुए।

हालाँकि, विरोध प्रदर्शनों के बीच यह सवाल भी खड़ा हो रहा है कि क्या लगातार चक्काजाम और भीड़ के कारण पुलिस की कार्रवाई प्रभावित हो रही है। पुलिस के अनुसार 10 थानों की करीब 9 टीमें आरोपी की तलाश में लगाई गई हैं, लेकिन जगह-जगह जुट रही भीड़ के कारण ऑपरेशन की गति पर असर पड़ रहा है।

घटना के बाद से लोगों में भय और आक्रोश दोनों है। लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाएँ बढ़ने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है—घर, स्कूल और परिवार, कहीं भी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित महसूस नहीं करते। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि जघन्य अपराधों में त्वरित न्याय और कठोर सजा की व्यवस्था ही अपराधियों में भय पैदा कर सकती है।

बच्ची के परिवार ने प्रशासन और जनता से न्याय की अपील की है और उम्मीद जताई है कि आरोपी जल्द पुलिस गिरफ्त में आएगा और उसे कठोर दंड मिलेगा।
ड्रोन सर्च से लेकर सीसीटीवी स्कैन तक : आरोपी की तलाश में पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन जारी
शुक्रवार रात से ही पुलिस प्रशासन घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सक्रिय है। एसपी पंकज पांडे और एएसपी कमलेश कुमार ने गौहरगंज में कैंप कर स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी, जबकि रविवार को डीआईजी प्रशांत खरे भी मौके पर पहुंचे। आरोपी की तलाश तेज करते हुए पुलिस ने जंगल और दुर्गम इलाकों को ड्रोन की मदद से खंगालना शुरू किया है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज को भी बारीकी से जांचा जा रहा है।
सीएम ने ली बालिका के स्वास्थ्य की जानकारी
गौहरगंज क्षेत्र में दुष्कर्म की शिकार 6 साल की बच्ची के इलाज पर सरकार लगातार नजर रखे हुए है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बच्ची की स्थिति जानने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं और वे नियमित अपडेट ले रहे हैं। दुष्कर्म के बाद बच्ची को एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया था।
इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ है। डॉक्टरों ने उसे आईसीयू से बाहर वार्ड में शिफ्ट कर दिया है। एम्स की टीम लगातार मॉनिटरिंग कर रही है, वहीं जिले के डॉक्टर भी एम्स में मौजूद हैं।
इनका कहना…
“आरोपी पर इनाम बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दिया गया है। उसे आखिरी बार भोजपुर की तरफ जाते हुए सीसीटीवी कैमरे में देखा गया था। इसके अलावा भी कई जगह दबिश दी जा रही है।
अभी तक आरोपी नहीं पकड़ा जा सका है। वजह यह है कि आरोपी दो–तीन महीने पहले ही इस इलाके में आया था। इससे पहले वह भोपाल और मंडीदीप में रहता था, इसलिए स्थानीय स्तर पर उसके बारे में ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है। तलाश में कुछ कठिनाइयाँ जरूर आ रही हैं, लेकिन हमें पूरा भरोसा है कि आरोपी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।”पंकज पांडे, एसपी-रायसेन








