✍️ रिपोर्ट – सौरभ जैन
मंडीदीप | जैन धर्म के दिगंबर जैन समाज का दस दिवसीय पर्युषण महापर्व रविवार को आस्था और आध्यात्मिक उल्लास के बीच संपन्न हुआ। अंतिम दिन मंदिरों में प्रातःकाल विशेष पूजन, अभिषेक और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद नगर में श्रीजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

शोभायात्रा में भगवान को सुसज्जित विमान-जी पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। गाजे-बाजे और रंग-बिरंगी पताकाओं से सजी यह यात्रा श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम बनी।

मार्ग में जगह-जगह समाजजनों ने आरती उतारी और भगवान के दर्शन कर मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।

यात्रा का सबसे मनोहारी दृश्य वह रहा, जब महिलाएँ पारंपरिक पीले और लाल वस्त्र पहन कतारबद्ध ढंग से शामिल हुईं। उनकी उपस्थिति ने शोभायात्रा को और अधिक आकर्षक और दिव्य बना दिया।

मंदिर समिति के अध्यक्ष अरविंद जैन ने जानकारी दी कि शोभायात्रा से पूर्व मंदिरों में शांतिधारा और अन्य धार्मिक विधान पूरे उत्साह से सम्पन्न किए गए।

वहीं विनोद जैन (आरएनजी) ने बताया कि नगरभर में भक्तिमय वातावरण ने सभी को अध्यात्म और आत्मचिंतन की ओर प्रेरित किया।








