✍️ रिपोर्ट : अतुल कुमार जैन
शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा के रिजौदा गांव से गए सात युवक जब एक बारात समारोह से गुना जिले के मावन गांव से लौट रहे थे, तब रास्ते में उनकी कार तेज रफ्तार के कारण डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार कई मीटर तक घिसटती चली गई। यह हृदयविदारक हादसा भदौरा गांव के पास रात करीब 2:30 बजे हुआ।

कार में सवार सात युवकों में से चार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से एक को भोपाल रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान
-
गोविंद रघुवंशी (28) – पुत्र दिनेश रघुवंशी
-
सोनू रघुवंशी (35) – पुत्र हरि भगवान रघुवंशी
-
वीरू कुशवाह (24) – पुत्र बृजेश कुशवाह
-
हितेश बैरागी (24) – पुत्र ब्रजमोहन बैरागी
घायल युवक – जिनकी जिंदगी मौत से जूझ रही है
-
सुदीप रघुवंशी (24) – पुत्र सुरेंद्र रघुवंशी (गंभीर स्थिति में भोपाल रेफर)
-
सुमित रघुवंशी (24) – पुत्र जसवंत रघुवंशी
-
रवि रघुवंशी (22) – पुत्र वीरेंद्र रघुवंशी
जनमानस में शोक की लहर, गांव में पसरा मातम
इस भीषण दुर्घटना की खबर मिलते ही रिजौदा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गांव के हर घर में मातम पसरा हुआ है। चार युवा जो महज कुछ घंटे पहले तक जीवन से भरपूर थे, अब इस दुनिया में नहीं रहे। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
कारण और चेतावनी
जानकारों का मानना है कि तेज रफ्तार, रात का समय और संभवतः नींद की झपकी इस हादसे की मुख्य वजह हो सकते हैं। यह हादसा एक बार फिर हमें ये याद दिलाता है कि सड़क सुरक्षा और गति नियंत्रण को हल्के में नहीं लिया जा सकता।
इनका कहना है…
“शिवपुरी जिले से गुना जिले में बारात आई थी। रात लगभग 2:30 बजे एक गाड़ी से कुछ लोग वापस अपने गांव जा रहे थे। भदौरा के पास उनकी गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।”
गोपाल चौबे,एसआई म्याना थाना प्रभारी







