✍️ रिपोर्ट : प्रेमनारायण राजपूत
गोहरगंज | श्रद्धा और भक्ति के अनुपम संगम के रूप में, गोहरगंज पुलिस थाना स्थित हनुमान मंदिर में भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। यह आयोजन पुलिस थाना निरीक्षक महेश टांडेकर और उनके समस्त स्टाफ की अगुवाई में हुआ, जिसमें रामायण मंडल गोहरगंज के सदस्यों ने संगीतमय भजनों और मंत्रोच्चारण के साथ राम कथा का दिव्य संचार किया।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) चंद्रशेखर श्रीवास्तव, तहसीलदार हेमंत शर्मा, औबेदुल्लागंज पुलिस एसडीओपी शीला सुराणा, सतलापुर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी, मंडीदीप नगर निरीक्षक रंजीत सराठे, गोहरगंज थाना प्रभारी महेश टांडेकर सहित पुलिस थाना गोहरगंज के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ कर भक्ति में लीन होते हुए और भगवान हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
भक्ति और आध्यात्मिकता से सराबोर हुआ वातावरण
रात्रि 9:00 बजे से 11:00 बजे तक चले इस कार्यक्रम में रामायण मंडल के कलाकारों ने भजनों और सुंदरकांड पाठ के माध्यम से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिन्होंने पूरे भक्तिभाव से सुंदरकांड पाठ का श्रवण किया।
नवरात्रि के शुभ अवसर पर भंडारे का आयोजन
कार्यक्रम के उपरांत, नवरात्रि के पावन अवसर पर उपवास के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। नयापुरा गोहरगंज से आए श्रद्धालु भी इस पावन अवसर पर मौजूद रहे और भक्ति भाव से कार्यक्रम में भाग लिया।
धार्मिक और सामाजिक एकता का संदेश
यह आयोजन केवल आध्यात्मिकता का प्रतीक नहीं था, बल्कि समाज में धार्मिक और सामुदायिक एकता को भी दर्शाता है। पुलिस प्रशासन और स्थानीय भक्तों के संयुक्त प्रयास से हुए इस आयोजन ने भक्ति, सद्भावना और समर्पण का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।








