रिपोर्ट-अतुल कुमार जैन
पोहरी | नगर में श्री १००८ आदिनाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र मंदिर (किले अंदर) में रविवार को प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ का जन्मकल्याणक महोत्सव धूमधाम और भक्ति भाव से मनाया गया। जैन समाज के श्रद्धालुओं ने भगवान आदिनाथ के जन्मोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाते हुए नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली।
योगेंद्र जैन (पत्रकार) ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ प्रातः भगवान आदिनाथ के अभिषेक एवं शांतिधारा से हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति में मग्न होकर भाग लिया। इस दौरान संगीतकार अरुण जैन द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे भक्तगण भाव-विभोर होकर झूमने लगे।
भव्य शोभायात्रा और नगर भ्रमण
सुबह भगवान आदिनाथ की शोभायात्रा मंदिर (किले अंदर) से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए जय स्तंभ चौक पहुंची और फिर बड़े मंदिर वापस लौटी। शोभायात्रा के दौरान पुरुष श्रद्धालु भक्ति गीतों पर नृत्य कर रहे थे, वहीं महिलाएं भगवान के जन्मकल्याणक की खुशी में भजनों की गूंज के साथ झूमती नजर आईं।








