रिपोर्ट-अतुल कुमार जैन
शिवपुरी | मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पोहरी अनुविभाग में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस आरक्षक की जान चली गई। गोवर्धन थाने में पदस्थ आरक्षक हजारीलाल बघेल को बीती रात एक तेज़ रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे मिनी ट्रक ने कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब आरक्षक एक शादी समारोह से लौटकर थाने जा रहे थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी चालक को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया है।
शादी समारोह से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के रमहुआ गांव निवासी हजारीलाल बघेल गोवर्धन थाने में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। बुधवार रात, वह रामपुरा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां से लौटते समय, जब वह अपनी बाइक से पोहरी-मोहना रोड पर आगे बढ़ रहे थे, तभी एक तेज़ रफ्तार मिनी ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के दौरान ट्रक का पहिया सीधे उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
साथी आरक्षक ने दी पुलिस को सूचना
हादसे के वक्त उनके पीछे दूसरी बाइक पर आरक्षक नरेंद्र धाकड़ चल रहे थे, जिन्होंने तुरंत थाना प्रभारी और पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सिरसौद के पास आरोपी चालक को वाहन सहित पकड़ लिया।
पुलिस महकमे में शोक की लहर
गुरुवार सुबह पुलिस द्वारा आरक्षक हजारीलाल बघेल के शव का पोस्टमार्टम कराकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद उनके पैतृक गांव में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक व्याप्त है। हजारीलाल बघेल अपने पीछे पत्नी, दो बच्चों और परिवार को असमय छोड़ गए हैं।
इनका कहना…
“एक दुखद घटना में हमारे विभाग के आरक्षक का निधन हो गया है। हमने दोषी वाहन चालक को पकड़ लिया है। मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बल के साथ आरक्षक के शव को उसके गांव भेजा गया है।”
सुजीत भदौरिया, एसडीओपी पोहरी







