रिपोर्ट-राजेश जैन ‘दद्दू’
मुंबई | माया नगरी मुंबई में आज अनोखी भक्ति देखने को मिली, जब इंग्लैंड से पधारे श्रद्धालु पीटर बटलर ने पट्टाचार्य आचार्य विशुद्धसागर जी महाराज के दर्शन किए। यह केवल एक भेंट नहीं, बल्कि आस्था और श्रद्धा का जीवंत उदाहरण था।
श्रमण मुनी श्री सिद्धसागर महाराज ने बताया कि पीटर बटलर विशेष रूप से आचार्यश्री के दर्शनों और मुनि दीक्षा महोत्सव का हिस्सा बनने के लिए इंग्लैंड से भारत आए हैं। उनके आगमन से मुंबई के जैन मंदिरों में भक्ति का अनोखा माहौल बन गया, जहां श्रद्धालुओं ने श्रद्धा से ‘णमोकार मंत्र’ का जाप किया और जयघोष किया – “नमोस्तु शासन जयवंत हो!”
विदेशी भक्त की अनोखी भक्ति
धर्म प्रचारक राजेश जैन ‘दद्दू’ ने बताया कि पीटर बटलर ने आचार्यश्री के परम शिष्य मुनी श्री सिद्धसागर महाराज को महामंत्र ‘णमोकार मंत्र’ सुनाकर अपनी श्रद्धा प्रकट की। यह देखकर उपस्थित धर्मानुरागियों में भक्ति की ऊर्जा संचारित हो गई।

पीटर बटलर, जो YouTube पर आचार्यश्री की आहारचर्या के वीडियो देखकर प्रभावित हुए थे, विशेष रूप से मुनि दीक्षा महोत्सव का साक्षी बनने के लिए इंग्लैंड से भारत पहुंचे। उन्होंने दिगंबर मुनिराजों की वैयावृत्ति (सेवा) करके अपनी श्रद्धा को और दृढ़ किया।
सिरसाड में पंचकल्याणक महामहोत्सव का शुभारंभ
मुंबई के सिरसाड क्षेत्र में आज, 28 फरवरी 2025, को आचार्य विशुद्धसागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश हुआ। यहां 28 फरवरी से 5 मार्च 2025 तक जिनबिंब पंचकल्याणक महामहोत्सव का आयोजन हो रहा है, जिसमें देश-विदेश से श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।
श्रमण मुनी श्री सिद्धसागर महाराज ने कहा कि आचार्यश्री के आगमन से मुंबई में जैन धर्मानुयायियों का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। उनकी दिव्य उपस्थिति से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
2 मार्च को होगा ऐतिहासिक मुनि दीक्षा महोत्सव
2 मार्च 2025 को दोपहर 1 बजे से भव्य जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव का आयोजन होगा, जिसमें पांच दीक्षार्थी सांसारिक बंधनों को त्यागकर दिगंबर मुनि दीक्षा ग्रहण करेंगे।
दीक्षार्थी :
-
बा. ब्र. अंकुर भैया जी (नागौर, राजस्थान)
-
बा. ब्र. मयंक भैया जी (गोंदिया, महाराष्ट्र)
-
ब्र. गणेशी लाल जी (गुनौर, मध्य प्रदेश)
-
ब्र. यशवंत भैया जी (रामगढ़, राजस्थान)
-
ब्र. अनिल भैया जी (गुवाहाटी, असम)





