@डिजिटल डेस्क
Rewa MP : रीवा जिले की मनगवां तहसील के टिकुरी 32 गांव में पदस्थ पटवारी जयलाल प्रजापति का एक शराब पार्टी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सरकारी अफसर होटल में जाम छलकाते हुए दिख रहे हैं, मानो जनता से वसूली गई रिश्वत की कमाई का जश्न मना रहे हों। यह वही अधिकारी हैं, जिनके दरवाजे पर आम आदमी सीमांकन, नामांतरण और भूमि संबंधित कार्यों के लिए महीनों चक्कर काटता है, लेकिन रिश्वत देने वाले का काम झटपट निपट जाता है!
‘पैसे दो, मिनटों में काम पाओ!’
हालांकि हम वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि कतई नहीं करते लेकिन वायरल वीडियो में पटवारी जलाल प्रजापति शराब के जाम के साथ अपने ही कारनामों को उजागर करते दिखाई दे रहे हैं। वे यह स्वीकारते नजर आते हैं कि छोटे से छोटे काम के लिए भी 5 से 10 हजार मिल ही जाते हैं। वो कहते हैं कि “5,000 दो और जमीन तुम्हारी तरफ नप जाएगी,” यानी जो ज्यादा देगा, वही जीत जाएगा। यह बयान न केवल उनकी भ्रष्ट मानसिकता को दर्शाता है, बल्कि यह भी साफ करता है कि कैसे आम जनता महीनों सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटती है, जबकि रिश्वत देने वालों का काम तुरंत निपटा दिया जाता है।








