@BPR
राजगीर | 6 फरवरी 2025 – संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महामुनिराज के प्रथम समाधि दिवस पर बिहार स्टेट दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र कमिटी के तत्वावधान में पूरे राज्य के प्रमुख जैन तीर्थों पर विशेष आयोजन किए गए। इस अवसर पर गुणांवा जी दिगंबर जैन सिद्ध क्षेत्र में विद्यासागर कीर्ति स्तंभ के चारों ओर 300 पौधे रोपित किए गए, वहीं राजगीर सिद्ध क्षेत्र में भक्ताम्बर पाठ और 48 दीपों से भव्य आरती का आयोजन किया गया।

बिहार के ऐतिहासिक तीर्थ स्थलों पावापुरी, कुण्डलपुर, जमुई, कमलदह, मिथिलापुरी, वैशाली, भद्दीलपुर, नौबतपुर और बिहारशरीफ में गुरुदेव की स्मृति में मंगल आरती और अन्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। मंदारगिरी सिद्ध क्षेत्र में णमोकार महामंत्र के विशेष जाप के साथ आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया गया।
आध्यात्मिक चेतना का जागरण
आचार्य श्री विद्यासागर जी के समर्पण, तप और त्याग को नमन करते हुए इन आयोजनों को भव्य रूप दिया गया। बिहार स्टेट जैन तीर्थ क्षेत्र कमिटी के मानद मंत्री पराग जैन (आरा/पटना) ने बताया कि गुरुदेव के प्रथम उर्ध्वारोहन दिवस पर इस वृक्षारोपण अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुँचाना है।






