रिपोर्ट-राजू अतुलकर
मंडीदीप | ‘नगर विकास की दूरगामी योजना तैयार कर सुनियोजित विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। शहर में स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाना मेरी पहली प्राथमिकता है।’ यह बात मंडीदीप नगर पालिका के नवागत मुख्य नगर अधिकारी (सीएमओ) प्रशांत जैन ने अपने उद्बोधन कही। उन्होंने सोमवार को पदभार ग्रहण किया।

सीएमओ प्रशांत जैन ने कहा कि नगर की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ आम जनता की सुनवाई के लिए एक प्रभावी प्रणाली विकसित की जाएगी, जिससे नागरिकों को अनावश्यक रूप से नगर पालिका के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने नगर की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, सफाई व्यवस्था को व्यवस्थित करने और नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही, नगर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए एक व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सभी वर्गों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
चुनौतियों से निपटने की रणनीति

नवागत सीएमओ के सामने बेपटरी सफाई व्यवस्था को सुधारना, पेयजल संकट का समाधान निकालना और सरकारी भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण को हटाना बड़ी चुनौतियों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अधूरे पड़े विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराकर नगर को विकसित शहरों की श्रेणी में शामिल करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
पूर्व सीएमओ को दी गई विदाई
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद मंडीदीप में पूर्व सीएमओ सुधीर उपाध्याय के विदाई समारोह का भी आयोजन किया गया। नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और उनके आगामी दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, नवागत सीएमओ प्रशांत जैन का नगर विकास की नई योजनाओं के साथ स्वागत किया गया।








