रिपोर्ट-राकेश कुमार जैन
रायसेन। सांची विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. प्रभु राम चौधरी ने आज रायसेन पुलिस द्वारा आयोजित साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि साइबर ठग कितने सक्रिय हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खुद उनके पास भी ठगी के इरादे से कॉल आया था।
क्या था मामला?
विधायक जी ने बताया, “मेरे पास एक फोन आया, कॉलर ने कहा कि वह ‘फेडरल बैंक’ का मैनेजर बोल रहा है। उसने बताया कि बैंक में कुछ पद खाली हैं और यदि मेरा कोई जानने वाला हो, तो उसे ₹30,000 वेतन की नौकरी दिलवाई जा सकती है।”

पहले तो विधायक जी ने इस पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर उसी व्यक्ति का कॉल आया और उसने जवाब न देने की वजह पूछी। इस बार संदेह होने पर विधायक जी ने जांच-पड़ताल की, तो पता चला कि यह पूरी तरह से एक साइबर ठगी का मामला था।
सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के साथ साइबर अपराध भी बढ़े – कलेक्टर

इस कार्यक्रम में जिला कलेक्टर ने भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 15-20 साल पहले हम व्हाट्सएप और फेसबुक के बारे में जानते भी नहीं थे, लेकिन आज सोशल मीडिया के बिना काम करना मुश्किल हो गया है। इसके साथ ही साइबर अपराध भी तेज़ी से बढ़े हैं, इसलिए हमें अपने ओटीपी, बैंक पिन और निजी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।
11 दिन तक चलेगा साइबर सुरक्षा अभियान – पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक पंकज पांडे ने जानकारी दी कि अगले 11 दिनों तक जिले में साइबर सुरक्षा को लेकर विभिन्न कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इन अभियानों के तहत लोगों को साइबर ठगी से बचने के तरीके सिखाए जाएंगे।








