राजेश जैन दद्दू
उज्जैन | मक्सी तीर्थ को आज एक ऐतिहासिक दिन के रूप में याद किया जाएगा, जब भावना योग प्रवर्तक और गुणायतन तीर्थ प्रणेता परम पूज्य मुनि श्री 108 प्रमाणसागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश हुआ। गुरुदेव ने अपने मंगल चरणों से तीर्थ को पवित्र किया और नगरवासियों को अपने दिव्य आशीर्वचनों से अनुग्रहित किया।
मक्सी तीर्थ कमेटी के सदस्य राजेश जैन दद्दू ने बताया कि गुरुदेव के सानिध्य में तीर्थ के पदाधिकारी, समाजजन और नगरवासी उनके आशीर्वचनों से लाभान्वित हुए। प्रातःकालीन पूजा और दीप प्रज्ज्वलन के बाद ससंघ ने पूरे मक्सी तीर्थ का वंदन किया और क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक महिमा को निहारा। इस दौरान, गुरुदेव ने अपने आशीर्वचन में समाज को धर्म और एकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के दौरान शांति धारा की बोली श्री मुकेश पाटौदी, श्री निलेश छाबड़ा (देवास), और श्री योगेंद्र सेठी (इंदौर) ने लगाई। इसके बाद श्री मक्सी तीर्थ के ट्रस्टियों, श्री अमित कासलीवाल और श्री देवेंद्र कांसल, ने महाराजश्री को 100 वर्षों से अधिक पुराने मक्सी तीर्थ के इतिहास और उसकी धार्मिक प्रासंगिकता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीर्थ के इतिहास में लंबे समय तक श्वेतांबर और दिगंबर समाज के बीच विवाद चला, जिसे जैनरत्न स्वर्गीय प्रदीपकुमारसिंह कासलीवाल के अथक प्रयासों से सुलझाया गया।








