“दिल्ली से गिरनार जी तक 1500 किलोमीटर लंबी ऐतिहासिक धर्म पदयात्रा को टूंडला और फिरोजाबाद जैन समाज का पूरा समर्थन”
– विश्व जैन संगठन
नई दिल्ली, 23 जनवरी 2025
आदिनाथ भगवान के जन्म तप कल्याणक के शुभ अवसर पर आगामी 23 मार्च 2025 से दिल्ली के बलबीर नगर से शुरू होने वाली 1500 किलोमीटर की ऐतिहासिक धर्म पदयात्रा की विशेष समर्थन सभा आज फिरोजाबाद के जलसा बैंक्वेट हॉल में आयोजित की गई। इस 101 दिवसीय पदयात्रा का उद्देश्य जैन समाज को आपस में जोड़ते हुए 22वें तीर्थंकर नेमिनाथ भगवान के मोक्षकल्याणक स्थल, गिरनार जी तक पहुंचना है। यह यात्रा 2 जुलाई 2025 को नेमिनाथ मोक्षकल्याणक दिवस पर समाप्त होगी।
इस सभा का आयोजन श्री दिगंबर जैन परिषद की ओर से किया गया, जिसमें विश्व जैन संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री संजय जैन ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “यह धर्म पदयात्रा न केवल धार्मिक आस्था को प्रकट करेगी, बल्कि जैन समाज को एकता और सहयोग की भावना में बांधने का एक ऐतिहासिक प्रयास है।”
-
धर्म यात्रा से जुड़ें और नेमिनाथ भगवान की महिमा को नमन करें।
-
1500 किमी की यात्रा, जो जैन समाज को जोड़ेगी एक नई डोर में।
-
महिलाओं के लिए विशेष आह्वान: धर्म यात्रा में बढ़-चढ़कर लें भाग।
-
फिरोजाबाद से टूंडला तक, हर क्षेत्र से मिला पदयात्रा को समर्थन।
22 कदम का योगदान, 22 लाख पुण्य की भावना का आधार।
आचार्य श्री वसुनंदी जी महाराज, जो वर्तमान में फिरोजाबाद के बड़ा मंदिर जी में ससंघ विराजमान हैं, ने अपने मंगल आशीर्वाद में कहा, “गिरनार जी तक की इस यात्रा में यदि कोई 22 कदम भी चलेगा, तो वह 22 हजार या 22 लाख कदम के बराबर पुण्य अर्जित करेगा।” उन्होंने जैन समाज को इस महायात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
सभा में परिषद के अध्यक्ष श्री विनोद जैन मिलेनियम, श्री चंद्रप्रभ अतिशय क्षेत्र कमेटी के अध्यक्ष ललतेश जैन, और महावीर जैन मुन्ना बाबू छदमी लाल धर्मशाला के ट्रस्टी अजय जैन एडवोकेट ने अपनी सहमति और पूर्ण समर्थन व्यक्त किया।
महिलाओं की भागीदारी को भी दिया गया बढ़ावा
सभा में संगठन की महिला प्रकोष्ठ संयोजिका रुचि जैन और सजग सेवा संस्थान की अध्यक्ष प्रिया जैन ने महिलाओं से इस धर्म यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया।








