उज्जैन, 21 जनवरी 2025
श्रमण संस्कृति के महान समाधिष्ट आचार्य श्री १०८ विद्यासागर जी महामुनिराज के परम प्रभावक शिष्य, गुणायतन प्रणेता और शंका समाधान के जनक परम पूज्य मुनि श्री १०८ प्रमाण सागर जी महाराज के दर्शन करने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन पहुंचे। सीएम यादव ने मुनिश्री के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की समृद्धि, सुख-शांति और समाज में सौहार्द बनाए रखने के लिए मुनि श्री से विस्तृत धर्म चर्चा की। उन्होंने मुनि श्री के सान्निध्य में संयम और धर्म की गहराइयों को समझते हुए आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूज्य मुनि श्री जैसे संत समाज को मार्गदर्शन देते हैं और उनकी प्रेरणा से देश व प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों का प्रचार-प्रसार हो रहा है।

मुख्यमंत्री के साथ विधायक अनिल जैन और योगेंद्र बड़जात्या सहित समाज के अन्य प्रतिष्ठित सदस्य भी उपस्थित रहे। धर्मसभा में उपस्थित लोग इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने और मुनि श्री के वचनों को आत्मसात किया।








