रिपोर्ट-अतुल कुमार जैन
शिवपुरी | राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने शिवपुरी जिले के पोहरी क्षेत्र के ग्राम बूढ़दा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय टुंडाराम गर्ग की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके महान योगदान को नमन किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में स्वर्गीय गर्ग के अभूतपूर्व योगदान और उनकी प्रेरणादायक भूमिका को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी में उनके जैसे निस्वार्थ सेनानियों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस अवसर पर राज्यपाल ने बूढ़दा गांव के पार्क में वृक्षारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया और इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए अनिवार्य कदम बताया।

स्वर्गीय टुंडाराम गर्ग का जन्म बूढ़दा के एक साधारण कृषक परिवार में हुआ था। भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से प्रेरित होकर उन्होंने स्वयं इस संघर्ष में कूदने का निर्णय लिया। गांव-गांव में जाकर उन्होंने अन्य लोगों को भी स्वतंत्रता संग्राम के लिए जागरूक किया और उन्हें देश की आजादी की लड़ाई में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। स्वतंत्रता के बाद उन्होंने अपने गांव में रहकर कृषि और समाजसेवा को अपना जीवन समर्पित कर दिया। 1996 में उनका निधन हो गया और 2012 में भारत सरकार ने उनके योगदान को मान्यता देते हुए उन्हें स्वतंत्रता सेनानी का दर्जा प्रदान किया।








