अतुल कुमार जैन, शिवपुरी
पिछोर | स्वामी विवेकानंद की जयंती पर राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर पिछोर में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्रीय विधायक श्री प्रीतम सिंह लोधी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। यह आयोजन शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में 12 जनवरी, रविवार को हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना से की गई।

इसके बाद विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया। सामूहिक सूर्य नमस्कार और योग सत्र इस आयोजन के मुख्य आकर्षण रहे। विकासखंड योग प्रभारी राहुल देव पुरोहित ने विभिन्न योगासन कराए, जिसमें विद्यालय की छात्राओं और उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का भोपाल से सीधा प्रसारण भी किया गया।
विधायक श्री लोधी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि यह मानसिक और आत्मिक शांति का माध्यम है।” उन्होंने विद्यालय के लिए रंगमंच और बाउंड्रीवाल निर्माण का भूमि पूजन करते हुए इन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया।








